Bankipur byelection Nitin Nabin News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है. एक ओर पीके जहां पूरी जोर लगा रहे हैं, वहीं बीजेपी ने भी अब इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई बना लिया है. यही वजह है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वयं चुनावी मोर्चा संभाल लिया है. इसी क्रम में आज वह पटना में पार्टी नेताओं, बांकीपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं और एनडीए के सहयोगी दलों के साथ अलग-अलग बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और जीत की रणनीति को अंतिम रूप देंगे.
बांकीपुर उपचुनाव में खुद मैदान में उतरे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, आज करेंगे चुनावी तैयारियों की समीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज पटना में कई स्तरों पर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करने जा रहे हैं. शाम 4 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होने वाली कोर टीम की बैठक में जहां बूथ स्तर के प्रबंधन पर चर्चा होगी, वहीं वे बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए (NDA) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ भी एक साझा बैठक करेंगे. बताया जा रहा है कि इस महामंथन का मुख्य उद्देश्य सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय बनाना और चुनावी प्रचार को और ज्यादा आक्रामक रूप देना है.
नितिन नवीन के लिए साख की लड़ाई
राजनीति के जानकार कहते हैं कि नितिन नवीन की अति सक्रियता की वजह यह है कि यह उनकी खुद की विरासत वाली सीट रही है. ऐसे में बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहा यह उपचुनाव खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रतिष्ठा की बड़ी लड़ाई बन चुका है. दरअसल, नितिन नवीन इस सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं. 2008 के परिसीमन से पूर्व जब यह सीट पटना पश्चिमी के नाम से जानी जाती थी तब भी उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा यहां से विधायक बनते रहे. अब जब हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और उसके बाद राज्यसभा के लिए चुने जाने के कारण नितिन नवीन ने इस सीट से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव की नौबत आई है. ऐसे में अपने पुराने और सबसे मजबूत गढ़ में पार्टी की जीत की मार्जिन को बढ़ाने और विपक्ष को पछाड़ने के लिए वे लगातार दिल्ली से भी हर एक बूथ की माइक्रो-मॉनिटरिंग कर रहे थे और अब खुद जमीन पर उतर चुके हैं.
प्रत्याशी बदलने के बाद बदले चुनावी समीकरण
राजनीति के जानकारों की नजर में बांकीपुर का चुनावी मुकाबला इस बार बेहद रोचक और चुनौतीपूर्ण हो गया है. भाजपा ने पहले यहां से अभिषेक सिन्हा को मैदान में उतारा था, लेकिन कानूनी व पारिवारिक कारणों से उनके कदम पीछे खींचने के बाद पार्टी ने नए चेहरे नीरज कुमार सिन्हा को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है. नीरज सिन्हा को नितिन नवीन का बेहद करीबी माना जाता है. इस सीट पर भाजपा का मुकाबला न केवल राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद (RJD) की रेखा गुप्ता से है, बल्कि जन सुराज पार्टी की ओर से प्रशांत किशोर की सक्रियता ने भी मुकाबले को त्रिकोणीय और कड़ा बना दिया है.
माइक्रो-मैनेजमेंट के जरिए जीत का खाका
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली आज की इस बैठक में प्रचार का पूरा रोडमैप फाइनल किया जाएगा. दरअसल, भाजपा ने बांकीपुर चुनाव को पूरी तरह से माइक्रो-मैनेजमेंट के आधार पर लड़ने का निर्णय किया है. इसके तहत हर एक वार्ड, मोहल्ले और बूथ के लिए अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं. बैठक में आने वाले दिनों के लिए बड़े रोड शो, जनसंपर्क अभियानों और नुक्कड़ सभाओं का पूरा कैलेंडर फाइनल किया जाएगा. इसी कड़ी में नितिन नवीन कार्यकर्ताओं में यह भरोसा फूंकने की कोशिश करेंगे कि स्थानीय स्तर पर कोई भी कसर बाकी न रहे और भाजपा इस पारंपरिक सीट पर अपना कब्जा बरकरार रख सके.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



