Image Slider

Last Updated:

Aamir-Shah Rukh Khan Biggest Controversy: बॉलीवुड में आज भले ही खान तिकड़ी यानी शाहरुख, सलमान और आमिर के बीच गहरी दोस्ती दिखती हो, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब इनके बीच का कोल्ड वॉर खुलकर सामने आ जाता था. साल 2008 में आमिर खान का एक बयान इतिहास के सबसे बड़े विवादों में से एक बन गया था, जब उन्होंने सरेआम कह दिया था कि ‘शाहरुख’ उनके पैर चाट रहा है. आमिर के इस बयान के पीछे की सच्चाई क्या है? क्यों आमिर खान ने ऐसा कहा, चलिए बताते हैं .

Zoom

आमिर खान के इस बयान से शाहरुख खान के फैंस नाराज हुए थे.

नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार्स के बीच दोस्ती जितनी चर्चित रही है, उतनी ही सुर्खियां उनके झगड़ों ने भी बटोरी हैं. कभी फिल्मों की टक्कर ने रिश्तों में खटास पैदा की, तो कभी किसी बयान या मजाक ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया. सलमान खान और शाहरुख खान की पार्टी में हुई बहस हो, अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा के बीच कथित मतभेद, गोविंदा और डेविड धवन की दूरी या फिर सनी देओल और शाहरुख खान के बीच फिल्मों को लेकर पैदा हुई नाराजगी… ऐसे कई किस्से सालों तक चर्चा में रहे. हालांकि, वक्त के साथ इनमें से ज्यादातर सितारों ने अपने रिश्ते सुधार लिए, लेकिन उस दौर की खबरें आज भी लोगों को याद हैं. बॉलीवुड के इतिहास में एक ऐसा ही विवाद आमिर खान और शाहरुख खान से भी जुड़ा, जिसने दोनों सुपरस्टार्स के फैंस के बीच जबरदस्त बहस छेड़ दी थी. आमिर के एक बयान ने ऐसा हंगामा खड़ा किया कि मामला लंबे समय तक सुर्खियों में बना रहा.

बॉलीवुड के दो सबसे बड़े सुपरस्टार आमिर खान और शाहरुख खान आज भले ही अच्छे दोस्त हों, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब दोनों के बीच पेशेवर प्रतिद्वंद्विता की चर्चा खूब होती थी. उसी दौर में आमिर खान का एक ब्लॉग पोस्ट इतना विवादित हो गया कि शाहरुख खान के फैंस भड़क उठे. मामला इतना बढ़ा कि आमिर को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी. हालांकि बाद में उन्होंने साफ किया कि उनका इरादा किसी का अपमान करना नहीं था, बल्कि वह केवल मजाक कर रहे थे.

2008 का है मसला

यह विवाद साल 2008 का है. फिल्मीबीट की रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर खान ने अपने ब्लॉग में पंचगनी स्थित घर से एक पोस्ट लिखी थी. उन्होंने लिखा, ‘मैं घाटी के किनारे एक पेड़ के नीचे बैठा हूं. अम्मी, इरा और जुनैद मेरे साथ हैं. हम अपना पसंदीदा बोर्ड गेम खेल रहे हैं. शाहरुख मेरे पैर चाट रहा है और मैं उसे बीच-बीच में बिस्किट खिला रहा हूं. इससे ज्यादा और क्या चाहिए?’

90 के दशक से शाहरुख और आमिर दोनों प्रतिद्वंदी रहे हैं. फाइल फोटो. 

जब लोग हुए आग-बबूला, बतानी पड़ी सच्चाई

ब्लॉग पढ़ते ही कई लोगों को लगा कि आमिर खान सीधे तौर पर शाहरुख खान पर तंज कस रहे हैं. सोशल मीडिया और मीडिया में इस बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई. इसके बाद आमिर ने उसी ब्लॉग में आगे पूरी सच्चाई बताई. आमिर ने लिखा, ‘किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले बता दूं कि शाहरुख हमारे घर के केयरटेकर के कुत्ते का नाम है. उसका नाम मैंने नहीं रखा. जब मैंने यह घर खरीदा था, तब केयरटेकर और उनका कुत्ता पहले से वहीं रहते थे.’ आमिर ने आगे यह भी बताया कि कुछ साल पहले इसी घर में शाहरुख खान एक विज्ञापन की शूटिंग करने आए थे. उसी दिन केयरटेकर एक छोटा पपी लेकर आए और उसका नाम शाहरुख रख दिया. आमिर ने मजाकिया अंदाज में लिखा था कि कुछ दोस्त तो यह भी कहते हैं कि उन्होंने यह घर सिर्फ इसलिए खरीदा क्योंकि वहां शाहरुख नाम का कुत्ता था. उन्होंने चुटकी लेते हुए लिखा, ‘ऐसा करने के लिए मुझे शाहरुख का बहुत बड़ा फैन होना पड़ता.’

‘उससे बहुत बदबू आ रही है’
ब्लॉग के आखिर में आमिर ने फिर मजाक किया और लिखा, ‘शाहरुख फिर मेरा ध्यान खींचने की कोशिश कर रहा है. उससे बहुत बदबू आ रही है, उसे नहलाने की जरूरत है.’ इसी लाइन ने विवाद को और हवा दे दी. उस समय आमिर और शाहरुख के बीच प्रतिस्पर्धा की खबरें अकसर सामने आती थीं, इसलिए कई लोगों ने इसे एक्टर्स पर छिपा हुआ तंज मान लिया.

आमिर और शाहरुख दोनों ने अपने-अपने करियर में कई मल्टीस्टारर फिल्में की हैं, लेकिन उनकी जोड़ी अब तक बड़े पर्दे पर नहीं बनी है. फाइल फोटो. 

आमिर ने जब मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद आमिर खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह सब केवल मनोरंजन के लिए लिखा था. अगर इससे शाहरुख खान या उनके फैंस की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह दिल से माफी मांगते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शाहरुख उनके अच्छे दोस्त हैं और वह उनका बहुत सम्मान करते हैं.

शाहरुख खान ने भी किया था रिएक्ट

शाहरुख खान ने भी इस पूरे विवाद पर बेहद शांत और मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी. हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में जब किंग खान से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने चिरपरिचित मजाकिया और बेबाक अंदाज में जवाब दिया था. उन्होंने कहा था- ‘पहले के जमाने में लोग मशहूर हस्तियों के नाम पर अपने बच्चों के नाम रखते थे. अब किसी जाने-माने व्यक्ति के नाम पर कुत्ते का नाम रखना उस दिशा में एक नई शुरुआत है. अगर इस नाम का इस्तेमाल नॉन कर्मशियल रूप से किया गया है तो मेरा इस पर कोई कॉपीराइट नहीं है. वहीं, पिछले साल द लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में आमिर खान ने इस विवाद को याद करते हुए कहा कि उस दौर में वह और शाहरुख अकसर एक-दूसरे पर हल्के-फुल्के तंज कसते थे. अवॉर्ड शो में भी दोनों एक-दूसरे पर चुटकी लेते थे. हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्ते बदल गए और अब वे अच्छे दोस्त हैं.

About the Author

authorimg

Shikha Pandey

15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||