पुन्हाना। गांव गुलालता निवासी मुजीबुर्रहमान ने मुख्यमंत्री हरियाणा को शिकायत भेजकर गांव में वक्फ बोर्ड की भूमि पर बने सामुदायिक केंद्र पर पिछले छह वर्षों से अवैध कब्जा होने का आरोप लगाया है। शिकायत में कब्जा हटवाने और संबंधित व्यक्ति से किराया वसूलने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता मुजीबुर्रहमान ने बताया कि गांव गुलालता में वक्फ बोर्ड की भूमि खेवट खाता नंबर 591/622, खसरा नंबर 96 पर ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि गांव निवासी खुर्शीद पुत्र भोला पिछले करीब छह वर्षों से उक्त भवन पर कब्जा जमाए हुए है और उसका निजी उपयोग कर रहा है।
शिकायत में कहा कि इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत और सरपंच स्तर पर भी कई बार कब्जा खाली कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति प्रभावशाली होने के कारण प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो पा रही है। मुजीबुर्रहमान ने बताया कि मामले की शिकायत पहले भी संबंधित विभाग, उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) पुन्हाना तथा मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि सामुदायिक केंद्र को कब्जा मुक्त कराया जाए तथा पिछले छह वर्षों के दौरान भवन के उपयोग का किराया भी वसूला जाए। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।