Image Slider

Last Updated:

उत्तराखंड सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा के उभरते केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है. राज्य की कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज देशभर के छात्रों को इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, मेडिकल, लॉ, फार्मेसी, होटल मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में बेहतर करियर के अवसर दे रही हैं. 

उत्तराखंड अब सिर्फ पहाड़ों और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि देश के उभरते शिक्षा केंद्रों में भी शामिल हो चुका है. यहां की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ, कृषि, रिसर्च और आईटी जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देती हैं. आधुनिक लैब, इंडस्ट्री एक्सपोजर, प्लेसमेंट सेल और रिसर्च सुविधाओं के कारण देशभर से छात्र यहां पढ़ने आते हैं. बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लाखों रुपये सालाना के पैकेज भी मिलते हैं.

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में स्थित आईआईटी रुड़की भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में से एक है. यहां प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास करनी होती है. कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए यह छात्रों की यह कॉलेज पहली पसंद है. यहां से पढ़े छात्र देश-विदेश की बड़ी कंपनियों और रिसर्च संस्थानों में शानदार करियर बनाते हैं. हर साल यहां करोड़ों तक के प्लेसमेंट पैकेज भी चर्चा में रहते हैं.

उत्तराखंड के पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को भारत की पहली कृषि यूनिवर्सिटी होने का गौरव प्राप्त है. इसे हरित क्रांति की जननी भी कहा जाता है. यहां कृषि, पशुपालन, इंजीनियरिंग और विज्ञान से जुड़े कई कोर्स संचालित होते हैं. रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में इस विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय पहचान है. यहां से पढ़े छात्र कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और एग्रीटेक सेक्टर में बेहतर करियर बनाते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय उत्तराखंड के प्रमुख सरकारी विश्वविद्यालयों में शामिल है. इसके 35 से अधिक विभाग और 250 से ज्यादा संबद्ध कॉलेज हैं. यहां विज्ञान, कला, वाणिज्य, कानून और प्रबंधन की पढ़ाई होती है. विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी, रिसर्च सेंटर और शांत शैक्षणिक वातावरण छात्रों को बेहतर सीखने का अवसर देते हैं. यहां से पढ़े छात्र शिक्षा, शोध और सरकारी सेवाओं में अपना करियर बनाते हैं.

उत्तराखंड की ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी आधुनिक तकनीकी शिक्षा और मजबूत प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए जानी जाती है. यहां इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, मैनेजमेंट, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य प्रोफेशनल कोर्स उपलब्ध हैं. अत्याधुनिक लैब, इंडस्ट्री प्रोजेक्ट और रिसर्च सुविधाएं छात्रों को व्यावहारिक अनुभव देती हैं. देश की कई बड़ी आईटी और मल्टीनेशनल कंपनियां यहां कैंपस प्लेसमेंट के लिए आती हैं. इस यूनिवर्सिटी के देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी कैंपस हैं, साथ ही देहरादून में ही ग्राफिक ऐरा डीम्ड यूनिवर्सिटी भी स्थित है.

उत्तराखंड के देहरादून में स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी लॉ, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी और एग्रीकल्चर जैसे प्रोफेशनल कोर्स के लिए जानी जाती है. यहां पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री एक्सपोजर, इंटर्नशिप और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाता है. आधुनिक कैंपस और अनुभवी फैकल्टी छात्रों को प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए तैयार करती है. प्लेसमेंट के बेहतर अवसरों के कारण यह छात्रों की पसंदीदा निजी यूनिवर्सिटीज में शामिल है.

उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है. यहां कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि और तकनीकी विषयों की पढ़ाई होती है. विश्वविद्यालय का विशेष फोकस पर्वतीय क्षेत्रों, पर्यावरण और ग्रामीण विकास पर रिसर्च करना है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार और शोध कार्यक्रम छात्रों को बेहतर अकादमिक अवसर प्रदान करते हैं.

दून यूनिवर्सिटी उत्तराखंड सरकार द्वारा स्थापित प्रमुख विश्वविद्यालय है. यहां पत्रकारिता, अंतरराष्ट्रीय संबंध, पर्यावरण विज्ञान, भाषा अध्ययन और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों की पढ़ाई होती है. छोटे बैच और रिसर्च आधारित शिक्षण प्रणाली इसकी खासियत है. छात्रों को प्रैक्टिकल नॉलेज, प्रोजेक्ट और वर्कशॉप के माध्यम से रोजगार के लिए तैयार किया जाता है.

राज्य के पौड़ी गढ़वाल स्थित गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज राज्य के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में गिना जाता है. यहां बीटेक और एमटेक जैसे तकनीकी कोर्स संचालित होते हैं. आधुनिक लैब, हॉस्टल और अनुभवी फैकल्टी छात्रों को बेहतर सीखने का माहौल प्रदान करती है. तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए यह एक अच्छा विकल्प माना जाता है.

हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय संस्कृत शिक्षा के साथ आधुनिक विषयों में भी पाठ्यक्रम संचालित करता है. यहां बीएड समेत कई प्रोफेशनल और पारंपरिक कोर्स उपलब्ध हैं. भारतीय संस्कृति, भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए यह महत्वपूर्ण संस्थान है. विश्वविद्यालय समय-समय पर विभिन्न कोर्सों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करता है और छात्रों को उच्च शिक्षा के नए अवसर प्रदान करता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। उत्तराखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||