Image Slider

लखनऊ6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर दो दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान टीम को करीब 1.62 करोड़ रुपए नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों रुपये के निवेश व संपत्तियों के दस्तावेज मिले। विजिलेंस ने बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपए आंकी है।

दो दिन तक चली कार्रवाई, घर में जगह-जगह छिपाकर रखा था कैश

विजिलेंस की टीम ने 7 और 8 जुलाई को अलीगंज की चंद्रलोक कॉलोनी स्थित सी-143 आवास पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में पैकेट बनाकर छिपाए गए करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के बिस्किट और आभूषण भी मिले।

13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों के जेवर

सर्च के दौरान मिले सोने और चांदी का सरकार से मान्यता प्राप्त वैल्यूवर से मूल्यांकन कराया गया। जांच में करीब 13 किलो सोना और करीब 9 किलो चांदी बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में करोड़ों की संपत्तियां

जांच में लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज और बालकगंज समेत कई इलाकों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले। इसके अलावा नोएडा में दो फ्लैट की बुकिंग और बाराबंकी व रायबरेली में भी जमीन के कागजात बरामद हुए। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई गई है।

कारें, हथियार और एक करोड़ से ज्यादा का निवेश मिला

विजिलेंस को तलाशी के दौरान टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं। घर की साज-सज्जा और महंगे घरेलू सामान पर भी भारी खर्च किए जाने के प्रमाण मिले हैं।

आय से अधिक संपत्ति के मुकदमे में चल रही जांच

ललित कुमार के खिलाफ यूपी विजिलेंस एस्टेब्लिशमेंट की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिलने पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई की गई।

टीम को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, बरामद सभी संपत्तियों और निवेश का सत्यापन कर उन्हें विवेचना में शामिल किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक, सतर्कता अधिष्ठान ने लखनऊ सेक्टर की टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

खबर अपडेट की जा रही है….

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||