Image Slider

होमताजा खबरदेशनरसिम्हा राव की जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, बताया कुशल प्रशासक

Last Updated:

पीएम नरेंद्र मोदी और कई नेताओं ने पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है. देश में आर्थिक सुधारों और विकास में उनके योगदान को याद किया गया है.

नरसिम्हा राव की जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, बताया कुशल प्रशासकZoom

पीएम मोदी ने पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उनको श्रद्धांजलि दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है. पीएम मोदी ने कहा कि पीवी नरसिम्हा राव को उनके नेतृत्व और बौद्धिक कौशल के लिए सदैव स्मरण किया जाता है और यह हमारी सरकार के लिए गौरव का विषय है कि हमने राष्ट्र के प्रति उनके समृद्ध योगदान को मान्यता देते हुए इस वर्ष के आरंभ में पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया.

प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा- मैं पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव गारू को उनकी जयंती पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करता हूं. उन्हें उनके कुशल नेतृत्व और बुद्धिमत्ता के लिए याद किया जाता है. यह हमारी सरकार के लिए सम्मान का विषय है कि राष्ट्र के लिए उनके समृद्ध योगदान को मान्यता देते हुए हमने इस वर्ष की शुरुआत में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया.

पीएम मोदी ने लिखा कि उन्होंने देश के इतिहास के एक अहम दौर में भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया. एक कुशल प्रशासक के तौर पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई. वे एक विद्वान भी थे और उन्हें भारत की विविध संस्कृति का गहरा ज्ञान और समझ थी.

कई अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं. देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दिखाने और आमजन के जीवन को सरल बनाने के अभिनव प्रयासों के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा.” केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “लोकप्रिय राजनेता व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर कोटिशः नमन. देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दिखाने के अभिनव प्रयासों के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा.”

पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी. आर्थिक सुधारों में उनके योगदान को याद किया. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनको सदैव स्मरण किया जाएगा.”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “देश के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें सादर नमन. देश के आर्थिक सुधारों, दूरदर्शी नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा.”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा, “देश के विकास में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा.” बता दें कि पीवी नरसिम्हा राव का जन्म 28 जून 1921 को तेलंगाना के करीमनगर में हुआ था.

उन्होंने 1991 से 1996 तक भारत के नौवें प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया. उनके कार्यकाल को मुख्य रूप से आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाता है. वे बहुभाषी विद्वान और कुशल लेखक भी थे. उन्होंने भारत की विदेश नीति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

About the Author

authorimg

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||