-6785 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होगी अत्याधुनिक औद्योगिक इकाई, हजारों युवाओं को मिलेंगे रोजगार, कौशल विकास और नए अवसर
-नोएडा-जेवर बना निवेश का पसंदीदा केंद्र, अंबर-ऐसेंट प्लांट से बढ़ेंगे रोजगार और तकनीकी अवसर: मुख्यमंत्री
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गौतमबुद्धनगर के यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-10 में स्थित अंबर एवं ऐसेंट के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। यह महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। लगभग 6785 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली इस परियोजना से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। यह अत्याधुनिक परियोजना इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कंपोनेंट निर्माण और उच्च तकनीकी उद्योगों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत को इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसी विजन को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में अभिनव और आक्रामक रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक निवेशों को गति देने में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव जी का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद अब इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में यह एक और बड़ी उपलब्धि है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट के संयुक्त उपक्रम द्वारा ₹6,785 करोड़ का निवेश उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पिछड़ेपन और अव्यवस्था के लिए जाना जाने वाला जेवर आज विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से जेवर में विश्वस्तरीय नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिली है। एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं और इसके साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है। जेवर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बड़े निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र रोजगार, उद्योग और विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, 36 सेक्टोरल पॉलिसी, सिंगल विंडो सिस्टम और लगभग 75 हजार एकड़ के लैंड बैंक के कारण देश-दुनिया के निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। सरकार हर निवेशक को समयबद्ध स्वीकृतियां और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है, जिससे निवेश प्रक्रिया सरल और प्रभावी बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख हब बन चुका है। देश में निर्मित कुल मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत उत्पादन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट का यह निवेश इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि भारत और कोरिया के संबंध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत मजबूत हैं। कोरिया के इतिहास में अयोध्या से जुड़े संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच यह आत्मीय रिश्ता आर्थिक सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नीति के कारण जेवर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण की शुरुआत हो रही है। अंबर कोरिया सर्किट द्वारा स्थापित होने वाली पीसीबी निर्माण इकाई से भारत की आयात निर्भरता कम होगी और जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर उद्योग का बड़ा केंद्र बनेगा। केंद्रीय मंत्री पर्यावरण वन जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल शासन से उत्तर प्रदेश आज निवेश, उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रभारी मंत्री गौतम बुद्ध नगर बृजेश सिंह , सांसद डॉक्टर महेश शर्मा , सांसद सुरेंद्र नागर, भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम आदि उपस्थित रहे।
सेल के अत्याधुनिक सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की रखी आधारशिला
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई प्रदान करने और प्रदेश को ग्रीन एनर्जी एवं सोलर मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-8 में 8200 करोड़ रूपये के निवेश से स्थापित होने वाले सेल के सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। 200 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र 5 गीगावाट सोलर सेल एवं 5 गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता से युक्त होगा। इस परियोजना से प्रदेश में लगभग 5000 प्रत्यक्ष एवं 15000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है, जिसमें आर्थिक प्रगति के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में भारत ने दूरदर्शी सोच के साथ नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



