- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर निगम मुख्यालय में हुआ ऐतिहासिक आयोजन, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
- नगर निगम के पार्कों में प्रतिदिन योग की सुविधा, सभी 100 वार्डों में भी आयोजित हुए योग कार्यक्रम: सुनीता दयाल
- योग से शरीर रहेगा स्वस्थ और स्वच्छता से शहर बनेगा सुंदर, दोनों को बनाएं दैनिक आदत: विक्रमादित्य सिंह मलिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम ने इस वर्ष एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए पहली बार नगर निगम मुख्यालय में रविवार को भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व तथा महापौर सुनीता दयाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्षदों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, शहर के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ एवं स्वच्छ गाजियाबाद के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। प्रात: छह बजे प्रारंभ हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संबोधन को सुना। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। शांत, स्वच्छ एवं हरित वातावरण में आयोजित इस योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने सभी उपस्थित लोगों का स्वागत किया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी आधार है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वस्थ शरीर के लिए नियमित योग आवश्यक है, उसी प्रकार स्वस्थ शहर के लिए स्वच्छता अनिवार्य है। यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन योग करने के साथ-साथ अपने आसपास की स्वच्छता का भी ध्यान रखे, तो गाजियाबाद देश के सबसे स्वच्छ और स्वस्थ शहरों में शामिल हो सकता है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, अकाउंट ऑफिसर अनुराग सिंह, मुख्य लेखा परीक्षक विवेक सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय आदि मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम के विभिन्न पार्कों में प्रतिदिन योग की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है, जहां बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं।
उन्होंने नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नगर निगम मुख्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम को अब प्रतिवर्ष और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम के इतिहास में पहली बार मुख्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का इतना व्यापक आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ शहर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों का उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है, जबकि स्वच्छता से पर्यावरण और समाज स्वस्थ बनता है। इसलिए दोनों को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम मुख्यालय के पार्क में स्वच्छ एवं शांत वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योग करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक नियमित योग करें और अपने आसपास सफाई बनाए रखें, तो एक स्वस्थ समाज और सुंदर शहर का सपना सहज ही साकार हो सकता है। योग कार्यक्रम के दौरान निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। पूरे आयोजन में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि मुख्यालय के अलावा नगर निगम सीमा के सभी 100 वार्डों में स्थित पार्कों में भी प्रतिवर्ष की भांति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न वार्डों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने, अपने परिवार एवं समाज को योग के प्रति जागरूक करने तथा गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। नगर निगम का यह अभिनव आयोजन केवल योग दिवस का उत्सव नहीं रहा, बल्कि स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ शहर और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बनकर उभरा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



