Image Slider

-पैसिफिक मॉल के सामने मुख्य प्रवेश द्वार को मिला ‘हनुमान द्वार’ का नाम, थाना प्रभारी ने किया शुभारंभ
-हनुमान चालीसा पाठ और प्रसाद वितरण के बीच क्षेत्रवासियों ने मनाया उत्सव, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
-पूर्व पार्षद ने जनसहयोग की सराहना की, आस्था के साथ क्षेत्र की नई पहचान बनेगा हनुमान द्वार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल के सामने पुलिस चौकी के पास मुख्य प्रवेश द्वार को शुक्रवार को आधिकारिक रूप से ‘हनुमान द्वार’ नाम देकर नई पहचान प्रदान की गई। पप्पू चौपाल एवं कौशांबी के नागरिकों के सहयोग से आयोजित भव्य समारोह में कौशांबी थाना प्रभारी अजय शर्मा ने विधिवत नारियल फोड़कर हनुमान द्वार का शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर इस पहल का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि यह केवल एक प्रवेश द्वार का नामकरण नहीं है, बल्कि कौशांबी क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक पहचान को नई मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के नागरिकों की यह मांग और इच्छा थी कि इस प्रमुख प्रवेश मार्ग को भगवान श्री हनुमान के नाम से जाना जाए, ताकि यहां आने-जाने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का सकारात्मक संदेश मिल सके।

डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि भगवान श्री हनुमान शक्ति, साहस, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। यदि किसी सार्वजनिक स्थल का नाम उनके नाम पर रखा जाता है तो वह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं होता, बल्कि समाज को सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों से जोडऩे का माध्यम भी बनता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस प्रकार के प्रयास समाज में एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने के लिए जयपुरिया के महासचिव पवन गुप्ता एवं उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य तभी सार्थक होते हैं, जब उनमें आम जनता की सहभागिता हो और इस कार्यक्रम में वही भावना देखने को मिली। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और सामाजिक हितों से जुड़े कार्य इसी प्रकार सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे कौशांबी के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि अब यह प्रवेश द्वार केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि क्षेत्र की नई पहचान बनेगा। लोगों का मानना है कि हनुमान द्वार बनने से कौशांबी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक छवि और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यहां आने वाले लोगों के मन में भी इस स्थान के प्रति विशेष सम्मान की भावना विकसित होगी। समारोह में राकेश जाखेतिया, समाजसेवी सुनील गांधी, जयपुरिया के महासचिव पवन गुप्ता, करवा के महासचिव विनय महेश्वरी, प्लॉट एरिया की महासचिव उर्मिला अरोड़ा, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, मनीष जैन, गौरव वर्मा, कमल गुप्ता, प्रेम प्रकाश गौगिया, रविंद्र नागर, अमिताभ सिन्हा, मुदित दीक्षित, योगाचार्य देवराज शर्मा, सांवरमल गोयल, नरेंद्र सिंह, अजय गुप्ता, बृजेश सिंह, सरदार जसपाल सिंह, जोगिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को कौशांबी की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||