Image Slider

अलीपुर बूढ़पुर इलाके में रविवार देर रात सड़क हादसे के बाद एक कार में आग लग गई। उस समय कार में तीन युवक फंसे हुए थे। आसपास के लोगोें ने फंसे हुए युवकों को बाहर खींचकर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवकों को अस्पताल में लेकर गई जहां डॉक्टरों ने 22 साल के समद को मृत घोषित कर दिया। उसके दो दोस्त हमजा (25) और हारिब (29) का इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई हैं। 


बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि मृतक समद अपने परिवार के साथ दरियागंज के डिलाइट इलाके में रहता था। उसके दोनों दोस्त हारिब और हमजा भी उसके घर के पास ही रहते हैं। रविवार शाम तीनों दोस्तों ने मुरथल जाकर पराठा खाने का प्लान बनाया। फिर देर रात तीनों कार से मुरथल के लिए रवाना हो गए। देर रात करीब डेढ़ बजे अलीपुर स्थित बूढ़पुर के पास उनकी कार किसी वाहन से टकरा कर अनियंत्रित हो गई।  स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। 

टक्कर लगने के बाद कार दूर तक पलटती चली गई। उसके बाद कार में आग लग गई। सभी को कार से निकालने के बाद उसमें आग फैल गई। दमकल कर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि समद की मौत सड़क हादसे में चोट लगने की वजह से हुई है। अलीपुर थाना पुलिस ने इस बाबत लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। 

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||