दिसानायके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आर्थिक रूप से मजबूत भारत का विजन केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी देशों को भी प्रेरित करता है. उन्होंने कहा कि कठिन आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में भारत ने श्रीलंका का साथ दिया और इसके लिए उनका देश प्रधानमंत्री मोदी का आभारी है.
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में भारत और श्रीलंका के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं. दोनों देशों के बीच विश्वास, सांस्कृतिक जुड़ाव और साझा हितों को मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतंत्र में लगातार जनादेश हासिल करना प्रधानमंत्री मोदी की प्रशासनिक क्षमता और जनविश्वास को दर्शाता है.
दिसानायके ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मामलों में उसकी आवाज पहले से अधिक प्रभावशाली बनी है.
पापुआ न्यू गिनी और त्रिनिदाद-टोबैगो ने भी दी शुभकामनाएं
पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी. उन्होंने मोदी को नेतृत्व का आदर्श बताते हुए कहा कि वे दुनिया के कई नेताओं के लिए प्रेरणा हैं. उन्होंने भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई. वहीं त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मुद्दों पर एक प्रभावशाली आवाज बनकर उभरा है.
कमला प्रसाद-बिसेसर ने भारत की विदेश नीति, आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और सामाजिक-आर्थिक प्रगति का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का मिला संकेत
प्रधानमंत्री मोदी को मिली ये बधाइयां ऐसे समय आई हैं, जब भारत वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति लगातार मजबूत कर रहा है. एशिया, प्रशांत क्षेत्र, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों के साथ भारत के संबंधों में तेजी से विस्तार हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से मिले ये संदेश भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को भी दर्शाते हैं.
जयशंकर ने गिनाईं विदेश नीति की उपलब्धियां
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में भारत की विदेश नीति में आए बदलावों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत ने यूक्रेन, इजरायल और अफगानिस्तान जैसे संकटग्रस्त क्षेत्रों में सफल निकासी अभियान चलाए. इससे दुनिया भर में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भारत की क्षमता मजबूत हुई है. जयशंकर ने बताया कि भारत ने अब तक 21 मोबिलिटी पार्टनरशिप समझौते किए हैं. इससे भारतीयों के लिए विदेशों में रोजगार और अवसरों के नए रास्ते खुले हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्रवासियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए 44 नए दूतावास और वाणिज्य दूतावास खोले गए हैं. पासपोर्ट सेवाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था को भी पहले से अधिक आसान बनाया गया है. प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि को केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारत की बदलती वैश्विक पहचान और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव के प्रतीक के रूप में भी देखा जा रहा है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



