Image Slider

इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर 15 में संचालित रॉयल हॉस्पिटैलिटी नामक गोल्डन एसेस फ्रेंचाइजी के साथ 54.65 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के शाखा संचालक आकाश विज ने कविनगर स्थित केडी सीएच 4 निवासी मृदुल गोयल के खिलाफ फर्जी बैंक रसीद दिखाकर पोकर गेम के लिए 54.65 लाख रुपये के चिप्स व टोकन लेने का आरोप लगाया है। मामला 27 नवंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 के बीच का है। पुलिस ने 6 जून की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।


दर्ज मामले में आकाश विज ने बताया कि वह गोल्डन एसेस की फ्रेंचाइजी संचालित करते हैं। बताया कि आरोपी मृदुल गोयल ने 27 नवंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 को अपने मोबाइल फोन पर कई फर्जी भुगतान उन्हें दिखाए। इसके बाद लाखों की कीमत के चिप्स व टोकन हासिल कर लिए। 16 जनवरी 2026 को जब उन्होंने बैंक खातों से लेनदेन का मिलान किया तब पता चला कि आरोपी की तरफ से कोई भी भुगतान किया ही नहीं गया था। जब जांच को आगे बढ़ाया तब पता चला कि आरोपी की तरफ से दी गईं बैंक रसीदें भी फर्जी थीं। आरोप है कि मृदुल गोयल ने फर्जीवाड़ा कर कंपनी को 54.65 लाख रुपये की वित्तीय चपत लगाई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित के दिए सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||