Image Slider

बिसरख कोतवाली पुलिस ने एटीएम मशीनों में गड़बड़ी कर लोगों के खाते से रुपये निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शनिवार को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर बाइक, पेचकस, प्लास, एल्फी के दो पैकेट और 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।

डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सार शनिवार को एसकेएस तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ग्रीन आर्च की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर तीन युवक सवार थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक को तेज गति से दौड़ाते हुए 6 प्रतिशत पार्क की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान सलारपुर निवासी 24 वर्षीय सोहेल मलिक के रूप में हुई है।

वहीं उसके साथी 25 वर्षीय शोएब मलिक और 24 वर्षीय राकेश कुमार को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न एटीएम बूथों में जाकर कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक (एल्फी) डाल देते थे, जिससे ग्राहक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाता था।

इसके बाद वे एटीएम पर एक पर्ची चिपकाकर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में लिख देते थे। जब कार्डधारक मदद के लिए उस नंबर पर संपर्क करता था तो आरोपी उसे एक-दो बार पिन डालने के लिए कहते थे और पिन नंबर देख लेते थे। बाद में ग्राहक को यह कहकर भेज देते थे कि एक घंटे बाद उसका कार्ड निकलवा दिया जाएगा। ग्राहक के जाने के बाद आरोपी प्लास और पेचकस की मदद से कार्ड निकालकर उसके खाते से नकदी निकाल लेते थे।  

आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य अपराधों और आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।

 

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||