Image Slider

साहिबाबाद। क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम बूथ से चार माह में सात लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। संगठित गिरोह के कुछ सदस्यों ने 22 फरवरी से आठ मार्च के बीच जमा करने वाले मशीन में उपकरण लगाकर रुपये निकाले। ग्राहकों की शिकायत आने के बाद बैंक प्रबंधन ने जांच शुरू की तो इस मामले का पता चला। तीन जून की रात पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक नितिन मोहन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।


दर्ज मामले में नितिन मोहन ने बताया कि कई ग्राहकों ने एटीएम से बैंक खाते में रुपये जमा करने की प्रक्रिया के बावजूद खाते में रुपये न पहुंचने की शिकायत की थी। उन्होंने जांच शुरू करते हुए एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें सामने आया कि फरवरी माह में अंजान व्यक्ति मशीन में उपकरण लगाता दिखाई दिया। इस वजह से ग्राहकों के जमा किए जा रहे रुपये मशीन में न जाकर ऊपरी हिस्से में ही रुक रहे थे। ग्राहक के जाते ही आरोपी उस हिस्से से रकम निकाल ले जाते थे। इस तरह 22 फरवरी, एक, दो, तीन व आठ मार्च की फुटेज में आरोपी रुपये निकालते दिखाई दिए। अंदेशा है कि गिरोह ने करीब सात लाख रुपये निकाले हैं। यह आंकड़ा और भी बढ़ने की बात कही जा रही है। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||