बुधवार की सुबह दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर दमकल विभाग की गाडियां मौजूद हैं। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस टीम को मालवीय नगर में लेमन ग्रीन रेस्तरां में सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके तुरंत बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि रेस्तरां के बेसमेंट से ये आग लगनी शुरू हुई। रेस्तरां के बेसमेंट से गंभीर हालत में लोगों को रेस्क्यू किया गया। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है और 37 लोग घायल हैं। घायलों को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
#UPDATE | Four people have died in the fire at a restaurant in Malviya Nagar: Delhi Police
— ANI (@ANI) June 3, 2026
AAP नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
आप नेता सोमनाथ भारती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि हौज रानी में एक बहुमंजिला इमारत में सुबह करीब 8:30 बजे भीषण आग लगी। उन्होंने हताहतों की आशंका जताते हुए कहा कि इसमें मुख्य रूप से दक्षिण अफ्रीकी नागरिक फंसे हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इस समय भी कुछ लोग रेस्तरां के अंदर फंसे हुए हैं जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजधानी दिल्ली में इस तरह का अग्निकांड कोई पहली बार देखने को नहीं मिला है। इससे पहले भी दिल्ली के कई अलग-अलग इलाकों में इसी तरह की भीषण आग लग चुकी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट किया, ‘मालवीय नगर में लगी भीषण आग की घटना में लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और इस दिल दहला देने वाली घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिलने की प्रार्थना करती हूं। घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सर्विस और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और उन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए। उनकी तेज़ी से की गई कार्रवाई की वजह से प्रभावित जगह से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नज़र रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को हर ज़रूरी मेडिकल मदद और सहायता दी जा रही है। दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है। हम इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।’
6 की अनुमति, अवैध रूप से 25 कमरे बने हुए थे
साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में कई विदेशी नागरिक भी इलाज करने के लिए पहुंचते हैं, जिसकी वजह से आसपास कई होटल और रेस्तरां बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस रेस्तरां कम होटल में आग लगी उसमें कई विदेशी भी ठहरे हुए थे। अभी जो जानकारी आ रही है उसके अनुसार होटल को सिर्फ 6 कमरे बनाने की अनुमति थी, लेकिन यहां पर अवैध रूप से 25 कमरे बने हुए थे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर के रेस्तरां में लगी आग में मारे गए लोगों में से अधिकांश विदेशी नागरिक हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



