Image Slider

जयपुर. जयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र बस्सी झाझड़ा गांव में एक युवा किसान फूलों की अनोखी खेती कर रहे हैं. यह किसान कोलकाता में उगाए जाने वाले स्टार व्हाइट फूल की खेती कर रहे हैं. खास बात यह है कि जयपुर जिले में इस फूल की खेती करने वाले वे पहले किसानों में गिने जाते हैं. किसान का नाम चंदा यादव है, जिन्होंने कम उम्र में ही आधुनिक खेती के जरिए अपनी अलग पहचान बना ली है. उन्होंने बताया कि स्टार व्हाइट फूल का पौधा एक बार लगाने के बाद करीब एक वर्ष तक लगातार फूल देता है.

चंदा यादव बताते हैं कि यह फूल देखने में बेहद आकर्षक होता है और इसकी खुशबू भी काफी मनमोहक होती है. इसी वजह से बाजार में इसकी अच्छी मांग रहती है और किसानों को बेहतर कीमत मिलती है. उन्होंने बताया कि फूलों के दाम मौसम और मांग के अनुसार बदलते रहते हैं. शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के दौरान इन फूलों की मांग सबसे ज्यादा रहती है. चंदा यादव का कहना है कि इस खेती से वे सालाना 8 से 10 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं. खेती का खर्च निकालने के बाद भी उन्हें करीब 7 से 8 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हो जाता है.

खेती में संभावनाएं असीमित

चंदा यादव की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष है. जब उनसे पूछा गया कि आज के समय में युवा पढ़ाई और सरकारी नौकरी को प्राथमिकता देते हैं, तो उन्होंने कहा कि नौकरी में व्यक्ति का दायरा सीमित रहता है, जबकि खेती में संभावनाएं असीमित हैं. उनका मानना है कि यदि आधुनिक तकनीकों को अपनाया जाए तो खेती से नौकरी से भी अधिक कमाई की जा सकती है. साथ ही इसमें किसी बाहरी दबाव या हस्तक्षेप का सामना भी नहीं करना पड़ता. किसान अपनी योजना और मेहनत के अनुसार खेती कर बेहतर परिणाम हासिल कर सकता है.

बचपन से खेती में रही रुचि

चंदा यादव बताते हैं कि उनके पिता भी किसान हैं और वे बचपन से खेती-किसानी के माहौल में ही बड़े हुए हैं. स्कूल से लौटने के बाद खेतों में समय बिताना उन्हें अच्छा लगता था. धीरे-धीरे खेती के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया. कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी तरह खेती को ही अपना पेशा बना लिया. उनका कहना है कि वे अपनी शिक्षा और तकनीकी जानकारी का उपयोग खेती में कर रहे हैं और लगातार नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं. भविष्य में वे इस क्षेत्र को और विस्तार देने की योजना बना रहे हैं.

फूलों के साथ सब्जियों से भी कमाई

चंदा यादव बताते हैं कि पहले किसान मुख्य रूप से बाजरा, गेहूं और मूंगफली जैसी पारंपरिक फसलों पर निर्भर रहते थे, लेकिन इनमें मेहनत के मुकाबले आय सीमित होती है. इसी कारण उन्होंने आधुनिक खेती का रास्ता चुना. वे पॉलीहाउस में खेती करते हैं और स्टार व्हाइट फूलों की खेती शुरू करने से पहले खीरा और शिमला मिर्च की खेती से भी अच्छी आय अर्जित कर चुके हैं. उनका कहना है कि इन फसलों में भी अच्छा मुनाफा है, लेकिन वे कुछ अलग करना चाहते थे. इसी सोच के साथ उन्होंने स्टार व्हाइट फूल की खेती शुरू की. हाल ही में उन्होंने डच रोज और लिली जैसे फूलों की खेती भी शुरू की है.

बड़े शहरों तक पहुंच रही मांग

चंदा यादव के पॉलीहाउस में तैयार होने वाले फूलों की मांग केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है. उन्होंने बताया कि उनके फूल जयपुर, दिल्ली, अहमदाबाद समेत कई बड़े शहरों में भेजे जाते हैं. सभी फूलों और अन्य फसलों को मिलाकर वे सालाना करीब 30 लाख रुपये तक की आय प्राप्त कर रहे हैं. उनका मानना है कि यदि वे किसी नौकरी में होते तो इतनी कमाई करना आसान नहीं होता. खेती के जरिए वे अपने घर पर रहकर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं.

किसानों के लिए प्रेरणा

चंदा यादव का कहना है कि आज कई किसान परिवारों के युवा जमीन होने के बावजूद नौकरी की तलाश में भटकते हैं. उनका मानना है कि किसानों की जमीन किसी सोने की खान से कम नहीं है. यदि आधुनिक तकनीक, शिक्षा और सही योजना के साथ खेती की जाए तो किसान घर बैठे बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं. उनके अनुसार खेती में आज भी अपार संभावनाएं हैं और युवा पीढ़ी को इसे नए नजरिए से देखने की जरूरत है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||