Image Slider

Last Updated:

Vintage Rolls Royce Kota: कोटा में तैयार की गई एक शानदार Vintage Rolls-Royce इन दिनों लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. अपनी शाही बनावट, क्लासिक डिजाइन और राजसी लुक के कारण यह कार शादी समारोहों, प्री-वेडिंग शूट और फिल्म शूटिंग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रही है. खास बात यह है कि इस विंटेज कार की मांग लगातार बढ़ रही है और लोग इसे पहले से बुक करवा रहे हैं. कार का डिजाइन ऐतिहासिक Rolls-Royce वाहनों से प्रेरित है, जो इसे बेहद खास और आकर्षक बनाता है. दूल्हा-दुल्हन की रॉयल एंट्री के लिए यह कार पहली पसंद बनती जा रही है, वहीं फिल्म निर्माता और कंटेंट क्रिएटर्स भी इसे अपने प्रोजेक्ट्स में शामिल करने के लिए उत्सुक हैं.

ख़बरें फटाफट

कोटा. आमतौर पर Rolls-Royce जैसी लग्जरी और विंटेज कारों की झलक बड़े महानगरों या फिल्मों में ही देखने को मिलती है, लेकिन अब शिक्षा नगरी कोटा में भी ऐसी शाही सवारी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है. शहर के दो युवा भाइयों ने एक पुरानी जिप्सी को मॉडिफाई कर उसे विंटेज Rolls-Royce जैसा शानदार रूप दिया है. अपनी भव्य डिजाइन और रॉयल लुक के कारण यह कार इन दिनों शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. खास बात यह है कि कोटा पहुंचते ही इस कार की बुकिंग शुरू हो गई और इसे फिल्म शूटिंग के लिए भी बुक कर लिया गया.

इस अनोखी पहल के पीछे इवेंट मैनेजमेंट कंपनी से जुड़े भाई जतिन बुधराजा और सहज बुधराजा हैं. दोनों का मानना है कि कोटा में भी अब बड़े शहरों की तरह भव्य और यादगार आयोजनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है. लोग अपने खास पलों को अलग अंदाज में यादगार बनाना चाहते हैं, लेकिन ऐसे आयोजनों के लिए लग्जरी और विंटेज वाहनों की उपलब्धता नहीं होने से उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था. इसी जरूरत को देखते हुए दोनों भाइयों ने यह अनूठा प्रयोग किया.

कार को ट्रक के जरिए कोटा लाया
जतिन और सहज के पिता राजेश बुधराजा ने बताया कि इस कार को तैयार कराने का विचार काफी समय से उनके मन में था. इसके लिए एक पुरानी जिप्सी को चुना गया और उसे पूरी तरह से नया रूप देने की योजना बनाई गई. वाहन को हरियाणा में विशेष रूप से डिजाइन और मॉडिफाई कराया गया. कई महीनों की मेहनत के बाद इसे विंटेज Rolls-Royce जैसा आकर्षक लुक दिया गया. तैयार होने के बाद इस कार को ट्रक के जरिए कोटा लाया गया.

उन्होंने बताया कि यह वाहन नियमित सड़क उपयोग के लिए नहीं बनाया गया है, बल्कि इसे विशेष रूप से इवेंट्स और समारोहों के लिए डिजाइन किया गया है. शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन की ग्रैंड एंट्री, विदाई, प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग शूट, एनिवर्सरी सेलिब्रेशन, बर्थडे पार्टी, रिटायरमेंट कार्यक्रम और कॉर्पोरेट इवेंट्स में इसका उपयोग किया जाएगा. इसके अलावा फिल्म और म्यूजिक वीडियो शूटिंग के लिए भी यह कार आकर्षण का केंद्र बन सकती है.

तैयार करने में करीब 6 से 7 महीने का समय लगा
इस कार को तैयार करने में करीब 6 से 7 महीने का समय लगा. डिजाइनिंग से लेकर बॉडी स्ट्रक्चर, पेंटिंग, इंटीरियर और फिनिशिंग तक हर छोटे-बड़े पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया. परियोजना पर लगभग 20 से 25 लाख रुपये की लागत आई. कार का फ्रंट डिजाइन, बड़ी ग्रिल, विंटेज हेडलाइट्स और लंबा बॉडी स्ट्रक्चर इसे किसी शाही सवारी जैसा लुक देता है. पहली नजर में इसे देखकर लोगों को विश्वास ही नहीं होता कि यह एक मॉडिफाइड जिप्सी है.

एक नई और अनोखी पहल
कोटा में इस तरह की यह फिलहाल अपनी तरह की पहली और एकमात्र कार मानी जा रही है. यही वजह है कि जहां भी यह कार पहुंचती है, लोगों की भीड़ जमा हो जाती है. राह चलते लोग अपने मोबाइल फोन निकालकर इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाने लगते हैं. कई लोग इसके साथ सेल्फी लेने के लिए भी उत्साहित दिखाई देते हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसे कोटा के लिए एक नई और अनोखी पहल बता रहे हैं. जतिन और सहज का कहना है कि कोटा में होने वाले समारोह भी बड़े शहरों की तरह भव्य और यादगार बनें. उनका मानना है कि किसी भी आयोजन में जब दूल्हा-दुल्हन या मेहमान ऐसी शाही कार में एंट्री करते हैं तो वह पल हमेशा के लिए यादगार बन जाता है.

एक नया ट्रेंड भी स्थापित करती नजर आ रही
दिलचस्प बात यह है कि कार के कोटा पहुंचने के तुरंत बाद ही इसकी पहली बुकिंग एक फिल्म शूटिंग के लिए हो गई. इससे साफ है कि लोगों में इस अनोखी विंटेज कार को लेकर खासा उत्साह है. आने वाले दिनों में यह कार शादियों, प्री-वेडिंग शूट और अन्य आयोजनों में रॉयल अंदाज का नया प्रतीक बन सकती है. कोटा के इन दो भाइयों की यह पहल न केवल लोगों को आकर्षित कर रही है, बल्कि शहर के इवेंट उद्योग में एक नया ट्रेंड भी स्थापित करती नजर आ रही है.

About the Author

authorimg

Jagriti Dubey

Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||