Image Slider

-नाले, सड़क और पार्क विकास पर बड़ा दांव, लाखों नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
-बरसात से पहले जलभराव की समस्या खत्म करने की तैयारी, वर्षों पुरानी मांगों को मिली मंजूरी
-चिरंजीव विहार, वसुंधरा और कविनगर में शुरू होंगे बड़े निर्माण कार्य, स्थानीय लोगों में खुशी की लहर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार को लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में प्रमुख रूप से बड़े नालों का निर्माण, सड़कों का पुनर्निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है। नगर निगम का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी। महापौर ने जिन विकास कार्यों का शुभारंभ किया, उनमें सबसे अधिक प्राथमिकता नाला निर्माण परियोजनाओं को दी गई है। वार्ड 91 कविनगर में केडी-1 से केए-11 होते हुए आरडीसी फ्लाईओवर और स्पोर्ट्स प्लाजा तक लगभग 4.04 करोड़ रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड 56 चिरंजीव विहार में डायमंड फ्लाईओवर के नीचे से मकान संख्या 1/124 तक लगभग 4.85 करोड़ रुपये की लागत से नए नाले का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 74 वसुंधरा सेक्टर-13 से सेक्टर-19 तक मुख्य नाला निर्माण पर लगभग 4.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं वार्ड 35 में त्रिवेणी अलमारी शोरूम से बेहरामपुर स्थित एमआरएफ सेंटर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तक सर्विस रोड, नाला निर्माण और समेकित विकास कार्य लगभग 4.14 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं को शहर की जल निकासी व्यवस्था सुधारने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा वार्ड 56 चिरंजीव विहार स्थित अंसल मार्केट के सामने सड़क और डिवाइडर निर्माण पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड 69 लोहिया नगर के सी ब्लॉक में सड़क निर्माण और दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य लगभग 28 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। शहर के हरित क्षेत्रों को विकसित करने के उद्देश्य से पार्कों के सौंदर्यीकरण की परियोजनाएं भी शुरू की गई हैं। वार्ड 96 नेहरू नगर-3 में पूर्व महापौर डी.सी. गर्ग के आवास के सामने स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण लगभग 20 लाख रुपये की लागत से होगा। वहीं वार्ड 62 गोविंदपुरम स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने के लिए लगभग 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लंबे समय से नाला निर्माण, सड़क मरम्मत और पार्क विकास की मांग की जा रही थी। विशेष रूप से चिरंजीव विहार के सेक्टर-1, 2, 3 और 4 में हर वर्ष बरसात के दौरान गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। कई बार स्थिति ऐसी बन जाती थी कि पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता था। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने बताया कि सभी विकास कार्य 15वें वित्त आयोग की निधि से कराए जा रहे हैं और निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि अधिकांश परियोजनाएं बरसात शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि नागरिकों को तत्काल राहत मिल सके।

महापौर ने कहा कि वसुंधरा और कविनगर के प्रमुख नाले शहर की जल निकासी व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनका निर्माण और सुदृढ़ीकरण होने से बरसात का पानी तेजी से शहर से बाहर निकल सकेगा और जलभराव की आशंका काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के अधिकांश नालों की सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है तथा नालों को अवरोध मुक्त बनाया गया है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में उठाए गए इस कदम का स्वागत किया और महापौर का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पार्षद अमित डबास, जीत निगम, नरेश भाटी, मनोज त्यागी, कुलदीप त्यागी, शिवम शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगर निगम को उम्मीद है कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की आधारभूत सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी, जलभराव की समस्या में कमी आएगी और नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। यह पहल गाजियाबाद को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||