Image Slider

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में इस समय बड़े बदलाव का दौर चल रहा है. बीसीसीआई ने आगामी एशियन गेम्सके लिए भारतीय ओलंपिक संघ को 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट सौंप दी है. इस लिस्ट के सामने आते ही सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला जो रहा, वह है टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव का टीम में न होना. सूर्यकुमार यादव की अनुपस्थिति में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि चीन के बाद अब जापान के आइची-नागोया शहर में होने वाले इस महाकुंभ में भारतीय टीम की कमान कौन संभालेगा? इस समय तीन बड़े दावेदार उभरकर आए हैं जिनमें श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा का नाम शामिल है.

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव अब 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए चयनकर्ताओं के भविष्य के रोडमैप का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में एशियन गेम्स की इस लिस्ट से उनका बाहर होना यह साफ संकेत देता है कि टीम इंडिया अब नए नेतृत्व की ओर देख रही है. सूर्यकुमार यादव की अनुपस्थिति में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि चीन के बाद अब आइची-नागोया में होने वाले इस महाकुंभ में भारतीय टीम की कमान कौन संभालेगा? चयनकर्ताओं के सामने इस समय तीन बड़े दावेदार उभरकर आए हैं. श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा. इन तीनों ही खिलाड़ियों के पास टी20 फॉर्मेट में कप्तानी और मैच जिताने का बेहतरीन अनुभव है.

श्रेयस अय्यर भारतीय टी20 टीम के कप्तानी के दौड़ में सबसे आगे हैं.

श्रेयस अय्यर कप्तानी की रेस में सबसे आगे
श्रेयस अय्यर कप्तानी के सबसे अनुभवी और मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. श्रेयस ने भारत के लिए 51 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 1104 रन दर्ज हैं. आईपीएल में भी उनका कप्तानी और बल्लेबाजी रिकॉर्ड कमाल का रहा है, जहां वे 147 मैचों में 4229 रन बना चुके हैं. आईपीएल 2026 में भी उन्होंने बेहतरीन फॉर्म दिखाते हुए 498 रन बटोरे हैं. बड़े टूर्नामेंट्स का दबाव झेलने की उनकी क्षमता उन्हें नेतृत्व की रेस में सबसे आगे रखती है.

तिलक वर्मा ने टी20 में गहरी छाप छोड़ी है
युवा सनसनी तिलक वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में बेहद कम समय में गहरी छाप छोड़ी है. उन्होंने भारत के लिए खेलते हुए अब तक करीब 1390 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 44.84 और स्ट्राइक रेट 145.55 का रहा है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका नाबाद 120 रनों का सर्वोच्च स्कोर उनकी काबिलियत बयां करता है. आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रनों की शतकीय पारी समेत कई धमाकेदार पारियां खेलीं. उनकी आक्रामक शैली उन्हें कप्तानी का एक नया और आधुनिक विकल्प बनाती है.

संजू सैमसन के पास कप्तानी का लंबा अनुभव
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के पास आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का नेतृत्व करने का एक लंबा अनुभव है. संजू भी इस समय शानदार फॉर्म में हैं और टी20 फॉर्मेट में मध्यक्रम या टॉप ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की उनकी शैली और शांत कप्तानी उन्हें इस त्रिकोणीय मुकाबले में बेहद मजबूत दावेदार बनाती है.

एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा
एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है. जिसमें पुरुष क्रिकेट के मुकाबले 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे. ठीक इसी दौरान, टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ एक सफेद गेंद की सीरीज (3 वनडे और 5 टी20) भी खेलनी है, जो 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी.

जसप्रीत बुमराह को संभावितों में शामिल
शेड्यूल के इस टकराव की वजह से बीसीसीआई ने दो अलग-अलग टीमें उतारने का फैसला किया है. टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी कर सकते हैं, इसलिए उन्हें एशियन गेम्स की टीम से बाहर रखा गया है. वहीं, जसप्रीत बुमराह को संभावितों में जरूर रखा गया है, लेकिन उनका मुख्य फोकस दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आगामी वनडे वर्ल्ड कप पर रहेगा. तेज गेंदबाजी में चोट के बाद वापसी कर रहे हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है, जबकि स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे जैसे नाम शामिल हैं.

वैभव सूर्यवंशी की एंट्री
इस पूरी 30 सदस्यीय टीम में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह हैं बिहार के 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में जो गदर मचाया, उसने चयनकर्ताओं को उन्हें नेशनल पूल में शामिल करने के लिए मजबूर कर दिया. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के 16 मैचों में 237.30 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन कूट डाले. वह इस सीजन की ‘ऑरेंज कैप’ रेस में सबसे आगे रहे और आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने. क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेली गई उनकी 96 रनों की तूफानी पारी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा. इस शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें देश की एशियन गेम्स की संभावित टीम में शामिल करके दिया गया है.

एशियन गेम्स के लिए भारत की 30 सदस्यीय संभावित टीम
यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकुल रॉय, आयुष बदोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विप्रज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||