Image Slider

  • हर पात्र परिवार तक पारदर्शिता के साथ पहुंचेगा मुफ्त राशन: अमित तिवारी
  • अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा 21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल, पात्र गृहस्थी कार्ड पर भी होगा नि:शुल्क वितरण
  • सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगी उचित दर की दुकानें, पारदर्शिता के लिए टोकन व्यवस्था लागू
  • आयुष्मान कार्ड सूची चस्पा करना अनिवार्य, शिकायतों के लिए जारी किए गए अधिकारियों के नंबर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद प्रशासन ने जून 2026 माह के राशन का अग्रिम वितरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। जिला पूर्ति विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जनपद के सभी राशन कार्डधारकों को आगामी माह जून 2026 के सापेक्ष खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण 25 मई से 10 जून  तक कराया जाएगा। प्रशासन ने इस वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 3 किलोग्राम गेहूं और 2 किलोग्राम चावल वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न प्राप्त करने में असुविधा का सामना न करना पड़े। राशन वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

सभी उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न वितरण का समय प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके और अधिक से अधिक लाभार्थी आसानी से राशन प्राप्त कर सकें। वितरण के दौरान उचित दर विक्रेता द्वारा प्रतिदिन निर्धारित संख्या में टोकन जारी किए जाएंगे, जिससे भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित किया जा सके। जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि वितरण कार्य ई-पॉस मशीनों के माध्यम से किया जाएगा तथा तकनीकी स्थिति और समय की उपलब्धता के अनुसार टोकन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकेंगे। मोबाइल ओटीपी आधारित वितरण की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है। साथ ही पोर्टेबिलिटी योजना के अंतर्गत राशन प्राप्त करने की सुविधा उचित दर विक्रेता के स्टॉक में उपलब्ध खाद्यान्न की सीमा तक ही मान्य होगी। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि राशन वितरण में पारदर्शिता और शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वितरण संबंधी सभी सूचनाएं दुकान पर पहले से चस्पा की जाएं, ताकि कार्डधारकों में किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग और पूर्ति विभाग के समन्वय से आयुष्मान भारत योजना को भी अभियान से जोड़ा गया है। सभी उचित दर दुकानों पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त उन लाभार्थियों की सूची चस्पा करना अनिवार्य किया गया है, जिनके आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड जारी कराने के बाद ही खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए।
जनपद में वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि प्रत्येक उचित दर दुकान पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्डधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए विभिन्न तहसीलों और क्षेत्रों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।

मोदीनगर, भोजपुर, मुरादनगर, लोनी, सदर, ट्रांसहिंडन और खोड़ा क्षेत्र के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा किसी भी अन्य शिकायत के लिए जिला पूर्ति कार्यालय के दूरभाष नंबर 01203761964 पर कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे उचित दर विक्रेताओं को सहयोग प्रदान करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त करें। प्रशासन का कहना है कि पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर पात्र परिवार तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य विभाग हेल्पलाइन एवं क्षेत्रवार अधिकारियों की सूची
मोदीनगर तहसील
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी:  विनोद भारती
– 9528871403

मोदीनगर शहर
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी: स्वेज पंवार
9720577155
पूर्ति निरीक्षक: श्रीमती दीपा वर्मा
-8272829626

ब्लॉक भोजपुर
पूर्ति निरीक्षक: हेमलता
-7408137240

मुरादनगर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र
पूर्ति निरीक्षक: शैलेश कुमार सिंह
-9453418386

लोनी तहसील
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी: विशाल यादव
-7906871761
पूर्ति निरीक्षक: आनंद स्वरूप त्रिपाठी
-9984450573

तहसील सदर
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी: प्रिया तिवारी
-6394555683

नगर क्षेत्र प्रथम / ब्लॉक रजापुर
पूर्ति निरीक्षक: सत्यप्रकाश मालवीय
-8010287829

नगर क्षेत्र द्वितीय एवं ट्रांसहिंडन
पूर्ति निरीक्षक: नूर फातिमा
-8081205222

नगर क्षेत्र खोड़ा
पूर्ति निरीक्षक: दिव्या जिंदल
-8860369093

जिला पूर्ति कार्यालय गाजियाबाद
दूरभाष नंबर: 0120-3761964

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||