दिल्ली के ऐसे हुनरमंद युवा जिनको सही मंच की तलाश है, उनके सपनों को दिल्ली सरकार हकीकत में बदलने जा रही है। राजधानी के युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को टैलेंट हंट स्कीम-हौसलों की उड़ान का आगाज कर दिया है। इस योजना पर 10 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। इससे दिल्ली को देश की यूथ और क्रिएटिव कैपिटल बनाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने जन सेवा सदन में इस महत्वाकांक्षी योजना का आधिकारिक लोगो भी जारी किया, जो दिल्ली के युवाओं के आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रतीक है। इस योजना का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले 16 से 35 वर्ष के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है।
70 विधानसभाओं में मचेगी धूम
दिल्ली सरकार की ये योजना राजधानी की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ लागू की जा रही है। योजना की सबसे खास बात इसकी विविधता है। इसमें केवल गायन और नृत्य तक ही सीमित नहीं रहा गया है, बल्कि युवाओं को सात अलग-अलग श्रेणियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। गायन में शास्त्रीय, लोक संगीत और गैर-शास्त्रीय संगीत होगा। नृत्य में शास्त्रीय, लोक नृत्य और आधुनिक नृत्य शामिल है। फाइन आर्ट एवं डिजिटल आर्ट में मूर्तिकला और पॉटरी है। संगीत रचना में वाद्य संगीत, अभिनय और रंगमंच भी है। युवा योजना के लिए समर्पित ऑनलाइन पोर्टल www.delhitalenthunt.com पर जाकर मुफ्त में पंजीकरण कर सकते हैं।
वोटिंग और ज्यूरी तय करेंगे विजेता
ये पूरी चयन प्रक्रिया चार चरणों में और पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएगी। पहले चरण में प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद 70 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 24,500 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में 35 क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी, जहां से 2,450 प्रतिभागी अगले दौर में पहुंचेंगे। तीसरे चरण में जोनल स्तर की प्रतियोगिता के बाद अंतिम 28 फाइनलिस्ट चुने जाएंगे, जिनके बीच अगस्त में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले होगा। इस प्रतियोगिता में जीत केवल विशेषज्ञों के हाथ में नहीं होगी। मूल्यांकन में 75 फीसदी वेटेज विशेषज्ञ ज्यूरी का होगा, जबकि 25 फीसदी हिस्सा आम जनता की ऑनलाइन वोटिंग पर आधारित रहेगा। ग्रैंड फिनाले को बॉलीवुड हस्तियों की मौजूदगी में बेहद ग्लैमरस और भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
लाखों के पुरस्कार और ब्रांड एंबेसडर बनने का मौका
मेहनत और हुनर दिखाने वालों पर पुरस्कारों की बौछार होगी। चारों श्रेणियों के विजेताओं को नकद प्रोत्साहन दिया जाएगा। पहला पुरस्कार 2.5 लाख रुपये, दूसरा पुरस्कार 2 लाख रुपये, तीसरा पुरस्कार 1.5 लाख रुपये और चौथा पुरस्कार 1 लाख रुपये का होगा। इसके अलावा, सभी फाइनलिस्ट और बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट, अवॉर्ड और मेडल से नवाजा जाएगा।
समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे युवा-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा, ये युवा केवल पुरस्कार विजेता नहीं होंगे, बल्कि आगे चलकर इन्हें सरकार के विभिन्न सामाजिक अभियानों में ब्रांड एंबेसडर के रूप में जोड़ा जाएगा, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की सफलता के बाद अब दिल्ली युवाओं के हुनर को निखारने के लिए तैयार है। ये पहल आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेगी और युवाओं को अपनी कला के माध्यम से अपनी पहचान बनाने का मंच देगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



