Image Slider

-लंबित मामलों और धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, दो दिन में बैंक डिस्बर्समेंट पूरा करने के निर्देश
-गांव-गांव और वार्ड-वार्ड चलेगा प्रचार अभियान, डिस्कॉम और विभागीय टीमों को मैदान में उतरने का आदेश
-स्कूल, ग्राम प्रधान और बैंक मिलकर बढ़ाएंगे सौर ऊर्जा अभियान, लक्ष्य पूर्ति न होने पर तय होगी जिम्मेदारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति और लंबित मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में सोमवार को जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की वर्तमान स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया। बैठक के दौरान विभागवार प्रगति, बैंकिंग डिस्बर्समेंट, प्रचार-प्रसार गतिविधियों, फील्ड स्तर पर किए जा रहे कार्यों तथा विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान योजना की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति और बड़ी संख्या में लंबित प्रकरण सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग लक्ष्य प्राप्ति के लिए गंभीरता व समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में डिस्कॉम अधिकारियों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि क्षेत्रीय फील्ड स्टाफ, लाइनमैन और विभागीय कर्मचारियों के माध्यम से गांवों एवं शहरी वार्डों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना के अंतर्गत आवेदन कर सकें।

एलडीएम की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई मामलों में ऋण स्वीकृत होने के बावजूद बैंकों द्वारा समय पर डिस्बर्समेंट नहीं किया गया है, जिससे योजना की गति प्रभावित हो रही है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने एलडीएम को निर्देशित किया कि दो दिवस के भीतर लंबित डिस्बर्समेंट प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकिंग स्तर पर होने वाली देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में परियोजना अधिकारी जावेद खान को निर्देशित किया गया कि योजना से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स-विशेष रूप से डिस्कॉम अधिकारियों, बैंक अधिकारियों और एलडीएम-के साथ पृथक बैठकें आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर योजना की प्रगति को गति प्रदान करें। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग की भी समीक्षा करते हुए विद्यालयों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्कूल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों एवं अभिभावकों को सौर ऊर्जा के लाभों और योजना की विशेषताओं से अवगत कराया जाए।

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी ग्राम प्रधानों को योजना के प्रति सक्रिय रूप से प्रेरित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी तेजी से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब ग्राम प्रधान स्वयं योजना से जुड़ते हैं तो ग्रामीणों में विश्वास बढ़ता है और अधिक लोग योजना का लाभ लेने के लिए आगे आते हैं। बैठक में उपस्थित सभी खंड विकास अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना न केवल ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे आम नागरिकों के बिजली खर्च में भी कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अंत में स्पष्ट किया कि योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और लक्ष्य पूर्ति में किसी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||