-नगर आयुक्त से मिले उत्तरांचल समाज के प्रतिनिधि, संचालन व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
-सदस्यता अभियान को गति, अधिकाधिक नागरिकों से समिति से जुडऩे की अपील
-मजबूत सामाजिक भागीदारी से उत्तरांचल भवन बनेगा सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में निर्मित भव्य उत्तरांचल भवन के प्रभावी संचालन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तरांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात कर भवन के संचालन, सदस्यता प्रक्रिया तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान उत्तरांचल भवन सामाजिक समिति को मजबूत और व्यापक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया। नगर निगम द्वारा उत्तरांचल भवन के संचालन के लिए सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट-1860 के अंतर्गत पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इस समिति के माध्यम से भवन के संचालन, रखरखाव तथा सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। प्रबंधकारिणी समिति में नगर निगम अधिकारियों को नामित करते हुए प्रशासनिक ढांचा तैयार किया गया है, जबकि सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आम नागरिकों और उत्तरांचल समाज के लोगों को सदस्य बनने का आह्वान किया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि उत्तरांचल भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा। इसके सफल संचालन के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने उत्तरांचल समाज की विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण कर इस पहल को सफल बनाएं।
उत्तरांचल भवन सामाजिक समिति की महासभा का आयोजन 16 मई 2026 को प्रात: 9:30 बजे उत्तरांचल भवन परिसर में किया जाएगा। इस महासभा में समिति की आगामी कार्ययोजना, संचालन व्यवस्था और सदस्यता विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन ने सभी इच्छुक नागरिकों से समय पर कार्यक्रम में पहुंचने और सदस्यता पंजीकरण कराने का अनुरोध किया है। समिति की सदस्यता के लिए विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। आजीवन सदस्यता शुल्क 11 हजार रुपये, विशेष सदस्यता शुल्क 5100 रुपये तथा सामान्य सदस्यता शुल्क 2100 रुपये रखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि अधिक सदस्य बनने से समिति मजबूत होगी और भवन का संचालन पारदर्शी तथा जनसहभागिता आधारित तरीके से किया जा सकेगा। गौरतलब है कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा निर्मित उत्तरांचल भवन को सामाजिक, सांस्कृतिक, पारिवारिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए विकसित किया गया है। सदस्यता प्रक्रिया पूरी होने और समिति के सशक्त गठन के बाद भवन की बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा नियम, शर्तें और शुल्क संरचना निर्धारित की जा चुकी है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए तथा उत्तरांचल समाज की संस्थाओं से लगातार संवाद बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि समाज की अपेक्षाओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए संचालन मॉडल तैयार किया जाएगा, ताकि भवन सभी नागरिकों के लिए उपयोगी और सुविधाजनक बन सके। बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने सदस्यता पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने तथा अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए सुझाव भी दिए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर भारतीय पर्वतीय महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने भी नगर आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में अभिनव सिंह भंडारी (राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य एवं मुख्य संयोजक, दिल्ली-एनसीआर), बालम सिंह बिष्ट, भुवन चंद पांडे, सतीश भारद्वाज, भगीरथ सिंह रावत, रोहित रावत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने उत्तरांचल भवन के भव्य निर्माण और उसके संचालन को लेकर किए जा रहे प्रयासों के लिए गाजियाबाद नगर निगम का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तरांचल भवन उत्तराखंड मूल के लोगों के साथ-साथ पूरे शहर के नागरिकों के लिए सांस्कृतिक संवाद और सामाजिक एकता का मंच बनेगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकें, सामुदायिक आयोजन और पारंपरिक पर्वों का आयोजन किया जा सकेगा, जिससे शहर की सामाजिक विविधता को नई पहचान मिलेगी। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि उत्तरांचल भवन का सफल संचालन तभी संभव है जब समाज स्वयं इसकी जिम्मेदारी साझा करे। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की जा रही है। आगामी 16 मई की महासभा को उत्तरांचल समाज के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होकर सदस्यता ग्रहण करेंगे और उत्तरांचल भवन को गाजियाबाद का एक प्रमुख सामाजिक-सांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में नई शुरुआत होगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




