Image Slider

-उप्र क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा बोले-स्थानीय खिलाडिय़ों को मिलेगा बड़ा अवसर
-जिले में पेशेवर क्रिकेट संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
-खिलाडिय़ों के चयन, संचालन और आयोजन व्यवस्था की दी गई विस्तृत जानकारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में क्रिकेट प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित गाजियाबाद क्रिकेट प्रीमियर लीग का रविवार को औपचारिक शुभारंभ भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया। गाजियाबाद स्थित फॉर्च्यून डिस्ट्रिक्ट सेंटर होटल में आयोजित समारोह में लीग में शामिल सभी आठ टीमों का आपसी परिचय कराया गया तथा उनके नामों की आधिकारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम में क्रिकेट प्रशासन, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि और टीम स्वामी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने लीग के आयोजन, प्रतियोगिता प्रारूप, संचालन व्यवस्था तथा खिलाडिय़ों के चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद क्रिकेट प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को एक संगठित और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। राकेश मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट लगातार आगे बढ़ रहा है और अब जिला स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं की आवश्यकता थी, जहां स्थानीय खिलाडिय़ों को उच्च स्तर का अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि इस लीग में पारदर्शिता, अनुशासन और खेल भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

खिलाडिय़ों के चयन से लेकर मैच संचालन और निर्णायकों की नियुक्ति तक सभी व्यवस्थाएं उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के मानकों के अनुसार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से युवा खिलाडिय़ों को बड़े टूर्नामेंट जैसा अनुभव मिलेगा और भविष्य में वे रणजी ट्रॉफी सहित राज्य टीमों तक पहुंचने में सक्षम होंगे। उन्होंने सभी टीम स्वामियों से खिलाडिय़ों के विकास और खेल भावना को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। समारोह में गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज माकड़, कोषाध्यक्ष धीरेन्द्र जी, निदेशक मतलूब जी, निदेशक अरविंद डोगरा तथा शाहिद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के रणजी खिलाड़ी नलिन मिश्रा तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ अंपायर समिति के अध्यक्ष मनोज पुंडीर की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर लीग में भाग लेने वाली आठों टीमों और उनके स्वामियों का औपचारिक परिचय कराया गया।

मिगसन चैंपियंस टीम के स्वामी सुनील मिगलानी (मिगसन समूह), रैना सुपर किंग्स टीम का संचालन भारतीय क्रिकेटर दिनेश रैना की रैना स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा किया जाएगा। क्रिकिगिरी पैंथर्स के स्वामी अमित गोयल (गिरिटेक डाटा इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड), समरकूल टाइगर्स के स्वामी संजीव के.आर. गुप्ता (समरकूल होम अप्लायंसेज लिमिटेड), गाजियाबाद टस्कर्स के स्वामी हिमांशु भारद्वाज (बीआर इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशंस), गुडलक ग्लेडिएटर्स के स्वामी नितिन गर्ग (गुडलक इंडिया लिमिटेड), साई किंग्स के स्वामी संजय आनंद (मोमेंटम स्पोर्ट्स) तथा गाजियाबाद रॉयल्स के स्वामी अनुराग चड्ढा (न्यूज1इंडिया) हैं। राकेश मिश्रा ने कहा कि गाजियाबाद क्रिकेट प्रीमियर लीग शहर में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को दर्शकों के लिए आकर्षक बनाने के साथ खिलाडिय़ों के तकनीकी विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सभी टीम प्रतिनिधियों ने लीग को सफल बनाने का संकल्प लिया और युवा खिलाडिय़ों को अधिक से अधिक अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और क्रिकेट प्रेमियों में आगामी मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह नजर आया। गाजियाबाद क्रिकेट प्रीमियर लीग को शहर के खेल इतिहास में नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता भविष्य में गाजियाबाद को प्रदेश के प्रमुख क्रिकेट केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आने वाले दिनों में प्रतियोगिता की तिथियां, टीम संयोजन तथा मैच कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की जाएगी, जिसके साथ ही शहर में क्रिकेट का रोमांच और तेज होने की उम्मीद है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||