Image Slider



– पंजाबी बाग से दबोचा गया आरोपी, तीन चोरी के वाहन बरामद

अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। पश्चिम जिले में लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी हबीब खान को वाहन चोरी निरोधक शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वाहन चोरी के 11 मामलों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बाइक और दो स्कूटी समेत तीन चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इन बरामदगियों से तीन मामलों का खुलासा होने का दावा किया गया है। जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। निरीक्षक मुकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पंजाबी बाग इलाके में आने वाला है। इसके बाद रामदेव मार्ग पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से चोरी की बाइक बरामद हुई, जिसे उसने हरिनगर इलाके से चुराया था। पूछताछ में आरोपी ने विकासपुरी और सिविल लाइंस इलाके से दो अन्य स्कूटी चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपी निहाल विहार का रहने वाला है और पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||