Image Slider

-पहली फ्लाइट लखनऊ से पहुंचेगी, बेंगलुरु-हैदराबाद-अमृतसर समेत कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी
-16 जून से जम्मू जुड़ा, जुलाई से देशभर के प्रमुख शहरों तक उड़ानों का बड़ा विस्तार
-एनसीआर को मिला तीसरा एयर हब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। एयरलाइन इंडिगो इस एयरपोर्ट की पहली ऑपरेटिंग कैरियर बनेगी। कंपनी ने गुरुवार को अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी कर टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट लखनऊ से सुबह 7:05 बजे रवाना होकर 8:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। उद्घाटन दिवस पर लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए नियमित उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

16 जून से जम्मू को भी नेटवर्क में शामिल किया जाएगा। वहीं 1 जुलाई से उड़ानों और शहरों की संख्या में बड़ा विस्तार होगा। नए चरण में जयपुर, श्रीनगर, चंडीगढ़, देहरादून, भोपाल, धर्मशाला, नवी मुंबई, पंतनगर और जोधपुर समेत कई शहर सीधे जुड़ेंगे। बरेली और किशनगढ़ के लिए सप्ताह में चयनित दिनों पर उड़ानें संचालित होंगी। इंडिगो की योजना चरणबद्ध तरीके से नोएडा एयरपोर्ट को 16 से अधिक शहरों से जोड़ने की है। कंपनी के अनुसार शुरुआती दिन में आठ उड़ानों का संचालन होगा, जो 16 जून से बढ़कर 12 हो जाएगा। जुलाई से प्रतिदिन 30 से अधिक फ्लाइट मूवमेंट होने की संभावना है। उड़ानों की बुकिंग इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से शुरू कर दी गई है। नोएडा एयरपोर्ट देश की राजधानी क्षेत्र का तीसरा प्रमुख एयरपोर्ट होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री द्वारा 28 मार्च को इसका उद्घाटन किया गया था। आगामी समय में अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी यहां से अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करेंगी।

इंडिगो के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लिए नया एविएशन गेटवे साबित होगा। उन्होंने बताया कि इंडिगो अब एनसीआर के तीनों एयरपोर्ट-आईजीआई, हिंडन और नोएडा-से अपनी सेवाएं देगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट की पहली उड़ान लखनऊ से आएगी और बेंगलुरु के लिए रवाना होगी, जो एक कनेक्टिंग सेवा के रूप में काम करेगी।

फ्लाइट शेड्यूल

15 जून-लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर (रोजाना)

16 जून-लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, जम्मू (रोजाना)

1 जुलाई

नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, लखनऊ, जयपुर, पंतनगर, चंडीगढ़। (रोजाना)

बरेली-(सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार)

किशनगढ़-(मंगलवार, गुरुवार, शनिवार)

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||