Last Updated:
Tragic Love Story: आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में दो प्रेमियों की दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को भावुक कर दिया. योगेंद्र और हेमश्री बचपन से एक-दूसरे से प्यार करते थे और साथ जिंदगी बिताने के सपने देख रहे थे. लेकिन एक विवाद के बाद दोनों ने आत्महत्या कर ली. परिवारों ने भावुक फैसला लेते हुए दोनों को अगल-बगल दफनाया, ताकि मौत में भी वे अलग न हों. चेन्नूर गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग इस प्रेम कहानी को याद कर रो रहे हैं.
आंध्र प्रदेश के कडप्पा में प्रेमी जोड़े की मौत के बाद परिवारों ने दोनों को अगल-बगल दफनाया.
न्यूज18 तेलुगु
Tragic Love Story: प्यार की सबसे बड़ी त्रासदी शायद यही होती है कि दो लोग एक-दूसरे के बिना जीने की कल्पना नहीं कर पाते. लेकिन जिंदगी उन्हें साथ रहने का मौका नहीं देती. आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से सामने आई यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है मगर इसकी सच्चाई इतनी दर्दनाक है कि पूरा गांव रो पड़ा. योगेंद्र और हेमश्री बचपन से साथ थे. एक ही गांव की गलियों में खेलते हुए बड़े हुए, एक ही स्कूल में पढ़े और फिर दोस्ती कब मोहब्बत में बदल गई, शायद उन्हें खुद भी पता नहीं चला. दोनों ने साथ जीने की कसमें खाई थीं. सपने देखे थे कि एक दिन परिवारों को मनाकर शादी करेंगे और अपनी छोटी-सी दुनिया बसाएंगे. लेकिन नियति ने उनके हिस्से में कुछ और ही लिख रखा था. एक छोटी सी कहासुनी ने उनकी पूरी जिंदगी छीन ली. अब वही दो प्रेमी जो शादी के मंडप में साथ बैठने का सपना देख रहे थे, गांव के बाहर मिट्टी में अगल-बगल दफन हैं.
चेन्नूर गांव में इस घटना के बाद जैसे वक्त थम गया है. गांव के बुजुर्गों की आंखें नम हैं और युवा अब भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि हमेशा साथ दिखने वाले दो चेहरे अब कभी नजर नहीं आएंगे. बताया जा रहा है कि दोनों कडप्पा शहर के एक निजी डिग्री कॉलेज में पढ़ते थे. वे पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहते थे ताकि समाज और परिवार की बंदिशों को पार कर सकें. लेकिन रविवार रात कुछ ऐसा हुआ जिसने सब कुछ खत्म कर दिया. पहले योगेंद्र ने आत्महत्या कर ली और फिर उसकी मौत की खबर सुनकर हेमश्री ने भी अपनी जान दे दी. एक ही दिन में दो अर्थियां उठीं तो गांव का हर घर मातम में डूब गया.
बचपन की दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी
ग्रामीणों के मुताबिक योगेंद्र और हेमश्री बचपन से बेहद करीबी थे. स्कूल में दोनों हमेशा साथ नजर आते थे. गांव वालों को धीरे-धीरे समझ आने लगा था कि दोनों के बीच रिश्ता सिर्फ दोस्ती का नहीं रहा. कॉलेज पहुंचते-पहुंचते दोनों ने अपने भविष्य को लेकर कई सपने देखने शुरू कर दिए थे.
दोनों जानते थे कि उनके रिश्ते के रास्ते में समाज और परिवार की कई बाधाएं हैं. लेकिन वे उम्मीद करते थे कि पढ़ाई पूरी होने के बाद सब ठीक हो जाएगा. परिवारों को मनाया जा सकेगा और एक दिन दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे. गांव के लोग कहते हैं कि दोनों एक-दूसरे के बिना अधूरे लगते थे.
एक झगड़ा और खत्म हो गई दो जिंदगियां
- बताया जा रहा है कि रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद योगेंद्र काफी परेशान हो गया. देर रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह जब यह खबर गांव में फैली तो हर कोई स्तब्ध रह गया.
- हेमश्री अपने प्रेमी की मौत की खबर सहन नहीं कर सकी. परिवार के लोग उसे संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह पूरी तरह टूट चुकी थी. कुछ ही समय बाद उसने भी आत्महत्या कर ली. गांव वालों का कहना है कि दोनों ने शायद कभी यह सोचा ही नहीं था कि वे एक-दूसरे के बिना जी पाएंगे.
परिवारों का फैसला सुनकर रो पड़े लोग
- दोनों परिवारों के लिए यह किसी पहाड़ टूटने जैसा था. जिन बच्चों की शादी देखने के सपने उन्होंने कभी संजोए थे, अब उन्हीं का अंतिम संस्कार करना पड़ रहा था. गांव में माहौल इतना भावुक था कि अंतिम यात्रा में शामिल कई लोग फूट-फूटकर रो पड़े.
- इसके बाद परिवारों ने एक ऐसा फैसला लिया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. उन्होंने तय किया कि अगर दोनों जिंदगी में साथ नहीं रह सके, तो मौत में उन्हें अलग नहीं किया जाएगा. इसलिए चेन्नूर गांव के पास दोनों को अगल-बगल दफनाया गया. गांव के लोगों का कहना है कि यह दृश्य शायद वे जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे.
गांव में अब भी गूंज रही दोनों की यादें
इस घटना ने पूरे इलाके को सोचने पर मजबूर कर दिया है. लोग कह रहे हैं कि अगर उस रात कोई उन्हें समझा पाता, तो शायद आज दोनों जिंदा होते. छोटी-छोटी बातों पर भावनाओं में बहकर लिया गया फैसला कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ देता है.
योगेंद्र और हेमश्री अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी प्रेम कहानी गांव वालों की यादों में हमेशा जिंदा रहेगी. लोग कहते हैं कि दोनों आखिरकार साथ हैं, बस फर्क इतना है कि पहले वे जिंदगी साथ बिताना चाहते थे और अब मिट्टी में साथ सो रहे हैं.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



