Image Slider

Suvendu Adhikari PA Murder LIVE: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. भाजपा नेताओं ने इस घटना को पूर्व नियोजित राजनीतिक हत्या करार देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. वहीं, पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है. सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह ठंडे दिमाग से की गई सुनियोजित हत्या है. उन्होंने दावा किया कि वारदात से पहले दो से तीन दिनों तक रेकी की गई और उसके बाद पूरी योजना के तहत हमला किया गया. अधिकारी ने कहा कि पुलिस जांच शुरू कर चुकी है और कुछ अहम सुराग भी मिले हैं. उन्होंने कहा, ‘हम इस घटना से बेहद दुखी हैं और इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है. दिल्ली से पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व लगातार जानकारी ले रहा है. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार (Sukanta Majumdar) ने मृतक के परिवार और पुलिस अधिकारियों से बात की है. विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा विधायक और नेता यहां पहुंचे हैं. पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और जांच जारी है.’

जानकारी के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ को मध्यमग्राम के पास गोली मारी गई थी, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई. पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच के सिलसिले में एक वाहन को जब्त किया है. घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर वाहन और अन्य सबूतों की जांच कर रही है. वहीं, सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति को ’15 साल के महा-जंगलराज’ का परिणाम बताते हुए कहा कि भाजपा अब ‘गुंडों की सफाई’ का काम शुरू करेगी. हालांकि, उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील भी की. उन्होंने कहा, ‘हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और हमारे सांसदों-विधायकों की मदद करने वालों से कहना चाहते हैं कि वे कानून अपने हाथ में न लें. किसी को भी असुरक्षित महसूस नहीं होने दिया जाएगा और सभी को न्याय मिलेगा.’ उन्होंने बताया कि मृतक का शव फिलहाल अस्पताल में है और पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा जाएगा. भाजपा ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन भी दिया है. घटना में घायल लोगों के इलाज की व्यवस्था भी की गई है.

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी इस घटना को “बेहद दुखद” बताते हुए कहा कि पुलिस जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्‍ता (Siddh Nath Gupta) घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं और जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. भाजपा नेता स्‍वपन दासगुप्‍ताने भी इस घटना को पूर्व नियोजित राजनीतिक हत्या बताया. उन्होंने कहा कि चंद्रा लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक टीम का अहम हिस्सा थे और कई चुनाव अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे. दासगुप्ता ने आरोप लगाया कि चुनावी हार स्वीकार नहीं कर पाने वाली पराजित पार्टी के इशारे पर यह हमला किया गया. उन्होंने कहा, ‘यह कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, बल्कि पूरी योजना के तहत की गई राजनीतिक हत्या थी. हमलावरों को चंद्रा की गतिविधियों और उनके मार्ग की पूरी जानकारी थी. यह राजनीतिक बदले की भावना से किया गया हमला है.’ हालांकि, उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से बदले की कार्रवाई से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: सुवेंदु के बेहद करीबी थे चंद्रनाथ रथ

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल की राजनीति में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ के संबंधों को लेकर नई चर्चाएं सामने आई हैं. दोनों के बीच पिछले करीब आठ वर्षों से गहरा राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था. चंद्रनाथ रथ को सुवेंदु अधिकारी का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था, जिन्होंने विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक जिम्मेदारियों में उनकी मदद की. जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ पूर्व भारतीय वायुसेना कर्मी थे. उनका मूल निवास चांदीपुर में था और वे पूर्व मेदिनीपुर जिले के ईश्वरपुर क्षेत्र से जुड़े हुए थे. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा Rahara Ramakrishna Mission से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में सेवा दी. साल 2019 में जब सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री बने, तब चंद्रनाथ रथ को जल संसाधन विभाग में उनका निजी सहायक नियुक्त किया गया. तृणमूल कांग्रेस में रहते हुए भी चंद्रनाथ, सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे. राजनीतिक समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यालय संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. भाजपा में शामिल होने के बाद भी चंद्रनाथ रथ लगातार सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े रहे. विपक्ष के नेता के रूप में सुवेंदु अधिकारी के कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने कार्यालय की कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और पार्टी संगठन के स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: ‘TMC की मान्‍यता रद्द हो’, बीजेपी सांसद बोले- बदले की भावना से चंद्रनाथ रथ की हत्‍या

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा सांसद राहुल सिन्‍हा ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी आलाकमान की तरफ से इस खून की रणनीति तैयार की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस्तीफा नहीं देना चाहतीं और राजनीतिक बदले की भावना से सुवेंदु अधिकारी के करीबी को निशाना बनाया गया. राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी की राजनीतिक मान्यता रद्द की जानी चाहिए. हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ रथ के शव का सुबह 11 बजे पोस्‍टमॉर्टम, फिर खुलेगा राज

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ के शव को गुरुवार तड़के करीब चार बजे अस्पताल से बारासात मेडिकल कॉलेज लाया गया. फिलहाल उनका पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज में रखा गया है. अधिकारियों के अनुसार, सुबह 11 बजे पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रारंभिक जांच में हत्या को सुनियोजित वारदात माना जा रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: हमलावरों को सबकुछ था मालूम, दोपहर 3 बजे से ही घात लगाए बैठे थे

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. CID सूत्रों के मुताबिक यह वारदात पूरी तरह से सुनियोजित थी और हमलावर कई दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने से पहले इलाके की भौगोलिक स्थिति और भागने के रास्तों का बारीकी से अध्ययन किया था. सूत्रों के अनुसार हमलावरों को पहले से जानकारी थी कि चंद्रनाथ के घर के पास वाली गली बेहद संकरी है, जहां किसी वाहन को रोकना आसान होगा. इसी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया. जांच में सामने आया है कि जिस सफेद रंग की कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ का रास्ता रोकने के लिए किया गया, उसे दोपहर करीब 3 बजे ही मध्यमग्राम के दोलतला इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा गया था. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर कई घंटों से इलाके में मौजूद थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: जिस कार से उतरे थे चंद्रनाथ के हत्‍यारे, वह दोपहर 3 बजे से ही काट रही थी चक्‍कर

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिला है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, जिस सफेद कार ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका था, उसे वारदात से पहले इलाके में घूमते देखा गया था. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में यह कार दोपहर करीब 3 बजे डोलतला इलाके में दिखाई दी है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और हमले की पूरी साजिश सुनियोजित थी. पुलिस अब कार की पहचान और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: कॉन्‍ट्रैक्‍ट किलर पर शक, पर असली मास्‍टरमाइंड कौन?

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच तेज हो गई है. पुलिस सूत्रों ने News18 को बताया कि शुरुआती जांच में यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित लग रही है और इसमें सुपारी किलर के शामिल होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. सूत्रों के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने कई दिनों तक इलाके और पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखी, जिसके बाद हमले की योजना बनाई गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावर किसी भी कीमत पर चंद्रनाथ रथ की हत्या सुनिश्चित करना चाहते थे. भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी इस घटना को ‘पूर्व नियोजित हत्या’ करार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: अभिषेक बनर्जी ने कराई चंद्रनाथ की हत्‍या, इसका जवाब मिलेगा – भाजपा नेता अर्जुन सिंह

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव Abhishek Banerjee पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अर्जुन सिंह ने कहा कि यह हत्या सुनियोजित तरीके से कराई गई है और इसके पीछे अभिषेक बनर्जी का हाथ है. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है. भाजपा नेता ने कहा, ‘अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई है. वे एक संदेश देना चाहते हैं कि भले ही हम सरकार में न हों, लेकिन हम तुम्हारे ऊपर भारी हैं.’ उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाओं से भाजपा डरने वाली नहीं है और पार्टी कार्यकर्ता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे. अर्जुन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘वे मूर्ख हैं. इसका जवाब मिलेगा.’

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ बेहद हंसमुख लड़का था – सजल घोष

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: सजल घोष ने भाजपा नेता और सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. सजल घोष ने कहा कि मृतक का किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था और सिर्फ इसलिए उसे निशाना बनाया गया क्योंकि वह सुवेंदु अधिकारी के लिए काम करता था. सजल घोष ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘उसका कोई दुश्मन नहीं था. वह बेहद हंसमुख लड़का था. उसके साथ ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि वह सुवेंदु के लिए काम करता था. यह बंगाल है… उस पर 5 गोलियां चलाई गईं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा लगातार बढ़ रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है. घोष ने दावा किया कि पार्टी के एक बूथ अध्यक्ष पर भी हमला हुआ है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा, ‘हमारे एक बूथ प्रेसिडेंट पर भी हमला हुआ है, उसकी हालत देखिए. मैं भी सुबह से अपने कार्यकर्ताओं को बचाने की कोशिश कर रहा हूं.’

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ रथ की हत्‍या में फर्जी नंबर वाले कार का इस्‍तेमाल

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने पर पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा, ‘हमने मामले की जांच शुरू कर दी है. अपराध में इस्तेमाल की गई चार पहिया गाड़ी को जब्त कर लिया गया है, लेकिन यह सामने आया है कि कार की नंबर प्लेट फर्जी है और उसके साथ छेड़छाड़ की गई है. घटनास्थल से जिंदा कारतूस और फायर किए गए खोखे बरामद हुए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सबूतों की जांच की जा रही है तथा आगे की जांच जारी है.’

Suvendu Adhikari PA Murder Live: यह प्री-प्‍लान्‍ड मर्डर – सुवेंदु अधिकारी

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पीएम चंद्रनाथ रथ की हत्‍या पर सुवेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्‍होंने कहा, ‘यह एक सुनियोजित हत्या है और डीजीपी ने भी यही कहा है. 2-3 दिनों तक रेकी की गई और पूरी हत्या की योजना बनाई गई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हम शोक में हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं. दिल्ली से हमारे पूरे नेतृत्व ने इस मामले की जानकारी ली है. केंद्रीय मंत्री Sukanta Majumdar ने मृतक के परिवार और पुलिस से बात की है… विभिन्न नेता और चुने हुए विधायक अपने.अपने क्षेत्रों से यहां पहुंचे हैं. पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे.उन्होंने आगे कहा, ‘यह 15 साल के महा-जंगलराज का नतीजा है… भाजपा यहां गुंडों के सफाए का काम शुरू करेगी.’

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ रथ हत्‍याकांड की सीबीआई से हो जांच – टीएमसी

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्‍या के बाद पश्चिम बंगाल में उबाल और बढ़ गया है. वहीं, इस निर्मम हत्‍याकांड पर टीएमसी की तरफ से बयान जारी किया गया है. तृणमूल की तरफ से एक्‍स पर पोस्‍ट कर कहा गया, ‘हम आज रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हैं. इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में चुनाव बाद हुई हिंसा की घटनाओं में भाजपा समर्थित कथित बदमाशों द्वारा टीएमसी के तीन अन्य कार्यकर्ताओं की हत्या भी बेहद निंदनीय है, जबकि आदर्श आचार संहिता लागू है. हम इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल हो, ताकि दोषियों की पहचान कर उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके. लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||