Image Slider

उत्तरी जिला के बुराड़ी में 27 अप्रैल को हुई सवा चार लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा है। पहचान समीर (25), कृष (22), कपिल (19) और शाहदाब उर्फ अमित (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 26 हजार रुपये कैश, लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल व चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। 

पुलिस ने आरोपियों की पहचान 35 किलोमीटर में लगे करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद की। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी हरियाणा की ओर भागे। वहां आरोपियों ने कपड़े बदले और वापस सिंघु बॉर्डर की ओर से जहांगीरपुरी के एक होटल में आकर रुक गए। पुलिस ने छानबीन के बाद सभी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक पूर्व जेप्टो स्टोर का कर्मचारी है।

उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 27 अप्रैल को बुराड़ी इलाके में संदीप नामक एक कैश कलेक्शन एजेंट ने सवा चार लाख रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसने स्वरूप नगर स्थित जेप्टो के एक स्टोर से सवा चार लाख रुपये कलेक्ट किए थे। इस बीच कैश लेकर वह आगे जा रहा था। 

रास्ते में ओम गार्डन बैंक्वेट हॉल के पास स्कूटी सवार दो लोगों ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इस बीच दो और स्कूटी सवार वहां पहुंचे। बाद में आरोपियों ने उसे हथियार दिखाकर कैश का बैग लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की।

बदमाशों के आने और जाने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। फुटेज से पता चला कि आरोपी दहिसरा बार्डर की ओर भागे। इसके बाद हरियाणा के अलग-अलग गांवों की ओर जाने के बाद दो आरोपी सिंघु बॉर्डर से दिल्ली वापस आए। बाद में जहांगीरपुरी के एक होटल में आरोपियों ने पांच घंटे बिताए। होटल की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। 

जांच के बाद पहले समीर, कृष और शाहदाब उर्फ अमित को दबोच लिया गया। बाद में कपिल को भी दबोच लिया गया। समीर कुछ दिनों पूर्व जेप्टो में काम करता था। वह कैश कलेक्शन एजेंट को जानता था। उसने ही योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात में अपने दोस्तों को शामिल किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||