-कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, जीडीए उपाध्यक्ष ने संयुक्त रुप से किया पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ
-जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण से व्यापारियों और नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
-2756 मीटर सड़क निर्माण के साथ मजबूत होगी जल निकासी व्यवस्था
-गुणवत्ता और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश, 1040 लाख की परियोजना शुरू
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शनिवार को साहिबाबाद क्षेत्र के श्याम पार्क मेन स्थित पाइप मार्केट में लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने संयुक्त रुप से जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा की मौजूदगी में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और विकास प्राधिकरण का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पाइप मार्केट क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं, जिससे व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण शुरू होने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार शहर के पुराने और उपेक्षित क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्राधिकरण की प्राथमिकता शहर को सुगम, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियंत्रण जोन-7 के अंतर्गत इस परियोजना को विशेष रूप से प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से कराया जाए और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि पाइप मार्केट क्षेत्र में सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत कुल 2756 मीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ आरसीसी नाले बनाए जाएंगे ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या पूरी तरह समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि बीएम, एसडीबीसी लेयर और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने से सड़कें अधिक टिकाऊ और सुरक्षित बनेंगी। इस परियोजना पर लगभग 1040 लाख रुपये की लागत खर्च की जा रही है।
मुख्य अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि निर्माण कार्य आधुनिक तकनीक और मानकों के अनुरूप कराया जाएगा, जिससे लंबे समय तक सड़कों की गुणवत्ता बनी रहे। अधिशासी अभियंता योगेश पटेल ने कहा कि कार्य शुरू होते ही मशीनरी और तकनीकी टीम को सक्रिय कर दिया गया है और निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय पार्षद सचिन डागर और पाइप मार्केट व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों ने जीडीए और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से व्यापारी खराब सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और ग्राहकों की आवाजाही भी आसान होगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होने के साथ-साथ जलभराव से राहत मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं प्राप्त होंगी। जीडीए अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा कराकर क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना को साहिबाबाद क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे श्याम पार्क मेन पाइप मार्केट की पहचान एक व्यवस्थित और आधुनिक व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित होने की उम्मीद है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




