Image Slider

-श्रमिकों की बेटियों का सम्मानजनक विवाह हमारी सरकार की प्राथमिकता: नरेन्द्र कश्यप
-मुख्य अतिथि राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ भव्य आयोजन
-गाजियाबाद, बुलन्दशहर और हापुड़ के जोड़ों ने एक मंच पर लिए सात फेरे
-सरकार ने प्रत्येक लाभार्थी पर एक लाख रुपये खर्च कर दिया सामाजिक सुरक्षा का संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को रामलीला ग्राउंड, कविनगर में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों का विवाह पूर्ण धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया, जिसमें कुल 62 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।
सामूहिक विवाह समारोह में जनपद गाजियाबाद के 14, बुलंदशहर के 24 तथा हापुड़ के 24 जोड़ों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 27 हिन्दू एवं 35 मुस्लिम जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। हिन्दू कन्याओं के विवाह पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तथा मुस्लिम कन्याओं का निकाह काजी द्वारा इस्लामी परंपराओं के अनुसार सम्पन्न कराया गया, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला। समारोह में वर-वधू के लिए फल व लड्डू की टोकरियों की व्यवस्था के साथ ही दोनों पक्षों के परिजनों एवं अतिथियों के लिए भोजन, नाश्ता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रम विभाग की ओर से किया गया।

पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल रहा और श्रमिक परिवारों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री नरेन्द्र कश्यप उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद श्री अभिनव गोपाल, उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र, सहायक श्रमायुक्त कृष्ण अवतार तथा क्षेत्र के श्रम प्रवर्तन अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने अपने संबोधन में सामूहिक विवाह कार्यक्रम की सामाजिक उपयोगिता बताते हुए श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 85 हजार रुपये सीधे श्रमिक के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन, वेशभूषा और खान-पान पर व्यय किए जाते हैं। समारोह के दौरान नवदंपतियों को मंच पर बुलाकर विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और जयमाला कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया। अंत में उप श्रमायुक्त श्री अनुराग कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्रम विभाग द्वारा संचालित इस योजना से श्रमिक परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सहयोग, सरकारी संवेदनशीलता और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बनकर उभरा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||