Image Slider

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन, इंडिगो की पहली फ्लाइट से शुरू होगा संचालन
-आधुनिक सुविधाओं और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस एयरपोर्ट बदलेगा पश्चिमी यूपी की तस्वीर
-1.2 करोड़ यात्रियों की शुरुआती क्षमता, भविष्य में बनेगा देश के सबसे बड़े एविएशन हब में शामिल

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। लंबे इंतजार के बाद जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उड़ान भरने को पूरी तरह तैयार है। आगामी 15 जून से एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा की गई घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को एक नया अंतरराष्ट्रीय हवाई प्रवेश द्वार मिलने जा रहा है, जिससे यात्रा, व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। एयरपोर्ट का उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट संचालन से पहले नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) द्वारा एयरोड्रोम सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) को मंजूरी दे दी गई है। यह मंजूरी इस बात का प्रमाण है कि एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल पूरे कर लिए गए हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, 15 जून को पहली वाणिज्यिक उड़ान का संचालन देश की प्रमुख एयरलाइन indigo द्वारा किया जाएगा। इसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।

शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों से संचालन शुरू होगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा। उड़ानों के गंतव्य और विस्तृत समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जेवर एयरपोर्ट को एनसीआर के दूसरे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया गया है। इसके शुरू होने से यात्रियों को वैकल्पिक हवाई सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय हवाई यातायात संतुलित होगा। 15 जून को पहली उड़ान के साथ ही जेवर एयरपोर्ट न केवल आसमान में नई उड़ान भरेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास, निवेश और वैश्विक संपर्क के नए अध्याय की शुरुआत भी करेगा। यह परियोजना आने वाले वर्षों में भारत के एविएशन सेक्टर की दिशा और गति दोनों तय करने वाली मानी जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ आर.के. सिंह ने बताया कि 15 जून से संचालन शुरू करने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एयरपोर्ट स्टाफ प्रशिक्षण, सुरक्षा परीक्षण, रनवे निरीक्षण और यात्री सेवाओं की रिहर्सल लगातार जारी है ताकि संचालन के पहले दिन से ही यात्रियों को सहज और सुरक्षित अनुभव मिल सके।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस आधुनिक एयरपोर्ट
जेवर में विकसित यह एयरपोर्ट अत्याधुनिक तकनीक, स्मार्ट टर्मिनल डिजाइन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। एयरपोर्ट परिसर में डिजिटल चेक-इन सिस्टम, स्वचालित बैगेज हैंडलिंग, तेज सुरक्षा जांच व्यवस्था और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी इस एयरपोर्ट की सबसे बड़ी विशेषता मानी जा रही है। यहां एक्सप्रेसवे, मेट्रो, बस सेवाओं और भविष्य की रैपिड रेल कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए समेकित परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ और पश्चिमी यूपी के अन्य शहरों से पहुंच आसान होगी।

आर्थिक विकास और रोजगार को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल हवाई यात्रा तक सीमित परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास का इंजन साबित होगा। एयरपोर्ट शुरू होने से लॉजिस्टिक्स, होटल, पर्यटन, निर्यात, वेयरहाउसिंग और औद्योगिक निवेश में तेजी आने की उम्मीद है। इस परियोजना के आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र में बड़े निवेश आकर्षित होने की संभावना जताई जा रही है। हजारों प्रत्यक्ष और लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर भी सृजित होंगे।

ग्रीनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक ग्रीनफील्ड परियोजना है, जिसे यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है। परियोजना को पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन कम करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। एयरपोर्ट की शुरुआती यात्री क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है, जिसे चरणबद्ध विस्तार के जरिए भविष्य में 7 करोड़ से अधिक यात्रियों तक बढ़ाया जाएगा। पूर्ण विकास के बाद यह देश के सबसे बड़े और व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल हो सकता है।

आरके सिंह, सीईओ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 15 जून से वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। सभी तकनीकी, सुरक्षा और परिचालन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। हमारा लक्ष्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, सुगम यात्रा अनुभव और उच्च स्तर की सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह एयरपोर्ट न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तर भारत के आर्थिक विकास को नई गति देगा।
आर.के. सिंह
सीईओ
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||