Bollywood 90s Heroine Moives : ये दास्ता 90 के दशक की उस एक्ट्रेस की है जिसका चेहरे की मासूमियत दर्शकों को लुभाती थी. फिल्मों में नाम कमाया. अपनी शर्तों पर काम किया. माधुरी दीक्षित-जूही चावला को कड़ी टक्कर देते हुए नंबर वन की कुर्सी पर भी कब्जा किया. अजय देवगन के साथ पहली हिट फिल्म दी. 90 के दशक के सभी बड़े हीरो के साथ काम किया. सनी देओल-अक्षय कुमार, सलमान खान, अजय देवगन के साथ कई हिट फिल्में दीं. आमिर खान के साथ एक ऐसी म्यूजिक रोमांटिक फिल्म में काम किया, जिसने इतिहास रच दिया. इस हीरोइन का फिल्मी करियर जितना शानदार रहा, निजी जिंदगी उतनी ही विवादों में रही.
90 के दशक की सबसे महंगी हीरोइन में से एक करिश्मा कपूर फिर से सुर्खियों में हैं. दिल्ली हाईकोर्ट से करिश्मा कपूर के बच्चों समाइरा और कियान को बड़ी राहत देते हुए उनके पूर्व पति संजय कपूर के सभी अकाउंट फ्रीज करने के आदेश दिए हैं. करिश्मा कपूर की निजी जिंदगी उतार-चढ़ाव से भरी रही है. उनके पिता रणधीर कपूर जाने-माने अभिनेता थे. मां बबीता भी हीरोइन रह चुकी हैं. कपूर खानदान की बेटियां फिल्म लाइन से दूर रहती थीं लेकिन करिश्मा कपूर ने इस परंपरा को तोड़ा. करिश्मा बचपन से ही हीरोइन बनना चाहती थीं. मा बबीता ने उनका खूब सपोर्ट किया. आइये एक्ट्रेस की जिंदगी से जुड़े कुछ और अनछुए पहलू जानते हैं…….
करिश्मा ने 1991 की फिल्म ‘प्रेमकैदी’ से अपना करियर शुरू किया. इस फिल्म में उनके हीरो हरीश थे. फिल्म तो फ्लॉप रही लेकिन करिश्मा ने हिम्मत नहीं हारी. अगले ही साल 1992 में उनकी दो म्यूजिकल फिल्में आईं जिनमें उन्हें नोटिस किया गया. ये फिल्में थीं : जिगर और सपने साजन के. ‘जिगर’ में करिश्मा कपूर की जोड़ी अजय देवगन के साथ बनी. फिल्म हिट रही. फारुख सिद्दीकी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का म्यूजिक आनंद-मिलिंद ने दिया था.
‘जिगर’ फिल्म के गाने खूब हिट हुए. ‘प्यार के कागज पे, दिल की कलम से’, ‘तुझको बांहों में भर लिया’, ‘मेरे दिल को करार आया’ और ‘लोग बरसों जुदा होके जीते हैं’ गाने आज भी सुनने को मिल जाते हैं. इसी तरह से ‘सपने साजन के’ फिल्म में नदीम-श्रवण का ब्लॉकबस्टर म्यूजिक था. फिल्म का एक गाना ‘ये दुआ है मेरी रब से’ आज भी सुपरहिट है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘जिगर’ फिल्म की सफलता के बाद करिश्मा कपूर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. वो स्टारडम की सीढ़ियां चढ़ती गईं. 1993 में करिश्मा कपूर की सबसे हिट फिल्म ‘अनाड़ी’ रही. के. मुरली मोहन राव इस फिल्म के डायरेक्टर थे. यह एक तमिल फिल्म का रीमेक थी. व्यंकटेश फिल्म के हीरो थे. इसी फिल्म में आनंद-मिलिंद ने सुपरहिट म्यूजिक दिया. फिल्म की सफलता में इस गानों का हाथ रहा. फिल्म के सुपरहिट गानों में ‘फूलों सा तेरा चेहरा’, ‘क्या मौसम आया है’, ‘छोटी सी प्यारी सी’ जैसे सॉन्ग शामिल थे. साल 1994 करिश्मा कपूर के करियर के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ. इसी साल सुपर स्टार गोविंदा के साथ उनकी तीन फिल्में ‘राजाबाबू’, ‘खुद्दार’ और ‘दुलारा’ आईं. ‘राजाबाबू’ सुपरहिट रही. गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसी साल उनकी ‘अंदाज अपना अपना’, ‘सुहाग’, और ‘गोपी-किशन’ जैसी सफल फिल्में भी आईं. इन फिल्मों ने करिश्मा कपूर को रातोंरात स्टार बना दिया. अब बॉलीवुड में नंबर वन की कुर्सी बस कुछ ही मंजिल दूर थी.
फिर आया साल 1995. इस साल भी करिश्मा कपूर का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार रहा. ‘कुली नंबर वन’ और ‘साजन चले ससुराल’ जैसी फिल्मों ने धूम मचा दी. गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी ने तहलका मचा दिया. दोनों फिल्म के गाने उन दिनों पान की दुकान, बस स्टैंड, टेपों-बसों में सुनाई देते थे. साल 1996 करिश्मा कपूर की फिल्म का वो साल रहा जिसका इंतजार हर एक्ट्रेस को होता है. इसी साल आमिर खान के साथ उनकी फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ आई थी जिसका निर्देशन धर्मेश दर्शन ने किया था. अली मोरानी, करीम मोरानी और बंटी शर्मा ने मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस किया था.
‘राजा हिंदुस्तानी’ फिल्म की स्टोरी धर्मेश दर्शन ने, स्क्रीनप्ले रॉबिन भट्ट और डायलॉग जावेद सिद्दीकी ने लिखे थे. फिल्म का सुपर-डुपर हिट म्यूजिक नदीम-श्रवण ने कंपोज किया था. गीतकार समीर थे. 51 मिनट की लंबाई के कुल 8 गाने फिल्म में थे. इस मूवी को 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे. ‘परदेसी परदेसी जाना नहीं’ सबसे बड़ा हिट साबित हुआ. फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई. यह करिश्मा कपूर की इकलौती ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म है. फिल्म में करिश्मा कपूर का करीब एक मिनट का किसिंग सीन भी था. इस सीन की बड़ी चर्चा हुई थी. यह सीन ऊंटी में तीन दिन तक फिल्माया गया था. करीब 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 76 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइब ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1996 में सबसे ज्यादा पैसे कमाने की लिस्ट में पहले नंबर पर थी.
1997 और 1999 में भी करिश्मा कपूर ने अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा. 1997 में उनकी सबसे बड़ी फिल्म ‘दिल तो पागल’ आई. हालांकि वो इस फिल्म में साइड हीरोइन थी. लीड रोल में माधुरी दीक्षित थीं. 1997 में ही जुड़वा, हीरो नंबर वन, लहू के दो रंग जैसी फिल्में आईं. 1999 में ‘बीवी नंबर वन’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘जानवर’ जैसी हिट फिल्में दीं. 2000 में सलमान खान के साथ ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ उनकी आखिरी हिट फिल्म कही जा सकती है. फिर उनका करियर ढलान पर आ गया. वैसे तो करिश्मा कपूर की हर हीरो के साथ जोड़ी खूब जमी. उन्होंने अजय देवगन, गोविंदा-सलमान खान, अक्षय कुमार और सनी देओल के साथ काम किया. गोविंदा-सलमान की 9 फिल्में हिट रहीं. ये फिल्में थीं : राजा बाबू, कुली नंबर 1, हीरो नंबर वन, बीवी नंबर वन, जीत, हम साथ साथ हैं, दुल्हन हम ले जाएंगे, साजन चले ससुराल और हसीना मान जाएगी.
करिश्मा कपूर ने जैसे-जैसे बॉलीवुड में शोहरत हासिल की. उनके अफेयर की खबरें भी आती रहीं. अजय देवगन से उनके अफेयर की चर्चा सबसे ज्यादा हुई. दोनों ने ‘जिगर’, ‘सुहाग’ ‘संग्राम’ ‘शक्तिमान’ और ‘धनवान’ जैसी फिल्मों में साथ में काम किया. बाद में दोनों के रिश्ते कड़वाहट आ गई. दोनों ने एकदूसरे के खिलाफ खूब आरोप लगाए. फिर करिश्मा कपूर की जिंदगी में अभिषेक बच्चन की एंट्री हुई. 2002 में दोनों की एक फिल्म ‘हां मैंने भी प्यार किया है’ भी आई थी.
जया बच्चन ने सबके सामने कहा था कि करिश्मा उनकी जल्द ही बहू बनेंगी मगर यह सगाई टूट गई. फिर करिश्मा कपूर की शादी दिल्ली के बिजनेसमैन संजय कपूर से 29 सितंबर 2003 को हुई. मुंबई के आरके स्टूडियोज में शाही और भव्य अरेंज मैरिज आयोजित की गई. शादी के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई. करिश्मा कपूर ने पति संजय के खिलाफ घरेलू हिंसा समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे. 2016 में करिश्मा ने तलाक ले लिया. तलाक के बाद करिश्मा कपूर को 70 करोड़ रुपये दिए गए थे. मुंबई के खार में करिश्मा को एक घर भी दिया गया था. 14 करोड़ के बॉन्ड उनके बच्चों के नाम समायरा और कियान के नाम पर खरीदे गए थे. करिश्मा को 10 लाख रुपये मासिक भत्ता तय हुआ था. संजय कपूर ने तलाक के बाद एक्ट्रेस प्रिया सचदेव से शादी कर ली थी. पिछले साल 12 जून 2025 को 53 वर्ष की आयु में संजय कपूर की लंदन में पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



