Image Slider

एमसीडी के नवनिर्वाचित मेयर प्रवेश वाही ने पदभार संभालते ही स्वच्छता, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए कई एलान किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से नई उन्नत मशीनें खरीदी जाएंगी और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लैंडफिल साइट्स पर जमा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती दी जाएगी। स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने पर काम करेंगे, जिस तरह सीएम ने भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन देने का संकल्प लिया है, उसी दिशा में एमसीडी भी काम करेगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी का अधिकारी या कर्मचारी जनता को परेशान करता है, काम में देरी करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। 

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे का आदेश दिया है। ऐसे में यदि सर्वे के नाम पर अधिकारी लोगों को डराते हैं या अनावश्यक दबाव बनाते हैं, तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सदन के नेता जय भगवान यादव ने भी कहा कि विकास कार्यों को तेज किया जाएगा।

जीत के प्रति आश्वस्त थे भाजपाई परिणाम घोषित होते ही मना जश्न 

एमसीडी मुख्यालय स्थित सिविक सेंटर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। भाजपा समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। भाजपा के पार्षद, मनोनीत विधायक और सांसद बड़ी संख्या में पहुंचे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी चुनाव परिणाम के तुरंत बाद सिविक सेंटर पहुंचे और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। इस जीत को भाजपा ने निगम में अपनी रणनीतिक बढ़त और संगठनात्मक मजबूती का संकेत बताया है। वहीं कांग्रेस की मौजूदगी प्रतीकात्मक रही जबकि आम आदमी पार्टी के बहिष्कार ने मुकाबले को लगभग एकतरफा बना दिया। अमर उजाला से विशेष बातचीत…

 

आपकी सबसे पहली प्राथमिकताएं क्या होंगी?

दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या कूड़े के पहाड़ हैं और उनका समाधान हमारी शीर्ष प्राथमिकताओं में है। इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की समस्या, स्ट्रीट लाइट, पार्कों की स्थिति और निगम स्कूलों के स्तर में सुधार करना भी जरूरी है।

भाजपा के कई वादे अभी अधूरे हैं। इन्हें कैसे पूरा करेंगे?

हमने कई बिंदुओं पर काम शुरू कर दिया है और लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। बाकी कार्यों के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार है। सीएम का सहयोग और वित्तीय समर्थन हमारे साथ है।

एमसीडी आर्थिक संकट से जूझ रही है। इसे कैसे करेंगे?

हमारी प्राथमिकता होगी कि आय के स्रोत बढ़ाए जाएं और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो। प्रॉपर्टी टैक्स संग्रह को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाएंगे। डिजिटल सिस्टम को मजबूत करेंगे। विज्ञापन, पार्किंग, लाइसेंसिंग और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग से अतिरिक्त राजस्व जुटाने में काम होगा।

आर्थिक दबाव के बीच बजट की घोषणाएं पूरी हो पाएंगी?

घोषणाएं संसाधनों को ध्यान में रखकर की जाती हैं। कई योजनाएं पहले ही लागू हो चुकी हैं और कुछ पर कार्य प्रगति पर है। हम चरणबद्ध तरीके से उन्हें आगे बढ़ाएंगे। यदि वित्तीय प्रबंधन मजबूत रहेगा, तो विकास योजनाओं को गति देना आसान होगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण में दिल्ली की स्थिति कैसे बेहतर करेंगे ?

स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन हमें और आगे जाना है। सफाई व्यवस्था सिर्फ एमसीडी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता की भी भागीदारी जरूरी है। कूड़ा पृथक्करण, समय पर निस्तारण और तकनीकी समाधान से हम बेहतर परिणाम हासिल करेंगे। 

अगले एक साल में आपकी सफलता का पैमाना क्या होगा?

यदि जनता महसूस करे कि शहर साफ हुआ है, सेवाएं बेहतर हुई हैं, वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और शिकायतों का समाधान तेज हुआ है तो यही हमारी सफलता होगी। एक साल कम जरूर है, लेकिन सही दिशा में काम हो तो बड़ा बदलाव संभव है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||