Image Slider

-बीसीएएस ने एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम को दी हरी झंडी, दूर हुई बड़ी बाधा
-संचालन शुरू करने की तैयारियां तेज,  अंतिम चरण में एजेंसियों के साथ समन्वय
-बेहतर हवाई कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसरों से बदलेगा एनसीआर का भविष्य

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) ने एयरपोर्ट के एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी दे दी है। इस स्वीकृति के साथ ही एयरपोर्ट के संचालन में आ रही प्रमुख बाधाएं अब दूर हो गई हैं और परियोजना तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, सुरक्षा कार्यक्रम की मंजूरी किसी भी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए बेहद अहम होती है। इसमें यात्रियों, विमान, कार्गो और एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों और प्रक्रियाओं को शामिल किया जाता है। बीसीएएस द्वारा एएसपी को हरी झंडी मिलने का मतलब है कि एयरपोर्ट ने सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों को पूरा कर लिया है। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि यह एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि अब एयरपोर्ट को शुरू करने की तैयारियों को और तेज कर दिया गया है। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर बाकी बची औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जा रहा है। सीईओ के अनुसार, एयरपोर्ट पर सुरक्षा से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर, कर्मचारियों की तैनाती और प्रशिक्षण जैसे कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसके अलावा, एयरलाइंस और अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ भी लगातार संपर्क में रहकर संचालन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। गौरतलब है कि नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट देश के सबसे महत्वाकांक्षी एविएशन प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसके शुरू होने से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही, रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। अब जबकि सुरक्षा कार्यक्रम को मंजूरी मिल चुकी है, उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही एयरपोर्ट के उद्घाटन और उड़ानों के संचालन की तारीख भी घोषित की जा सकती है। यात्रियों और उद्योग जगत दोनों को इस परियोजना से काफी उम्मीदें हैं।

आरके सिंह, सीईओ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है। सुरक्षा स्वीकृति मिलना इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारी प्राथमिकता यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, उच्च सुरक्षा मानक और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है। एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे। हम सभी संबंधित एजेंसियों के सहयोग से तय समयसीमा में एयरपोर्ट को पूरी क्षमता के साथ शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आरके सिंह
सीईओ, नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||