– आधुनिक प्रतीक्षालय, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेवा यूनिट से मजबूत होगी पुलिसिंग
– जनमित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम: पुलिस आयुक्त
– विधायक अजीतपाल त्यागी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में गाजियाबाद पुलिस लगातार अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में थाना कविनगर भवन का पुनर्विकास कर उसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक अजीतपाल त्यागी, पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने संयुक्त रुप से सोमवार को किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड के निर्देशन में तैयार किए गए नवीनीकृत थाना कविनगर को आधुनिक तकनीक, जनसुलभ सेवाओं और नागरिक सुविधा को केंद्र में रखकर विकसित किया गया है। थाना परिसर में बनाए गए आधुनिक प्रतीक्षालय में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, बेहतर प्रकाश एवं वेंटिलेशन, डिजिटल सूचना डिस्प्ले, पेयजल सुविधा, दिव्यांगजन रैंप और सुव्यवस्थित मार्गदर्शन प्रणाली उपलब्ध कराई गई है, जिससे आने वाले नागरिकों को सम्मानजनक और सहज अनुभव मिल सके। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने कहा कि गाजियाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि नागरिकों को भरोसेमंद और संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि थाना कविनगर का यह मॉडल भविष्य में अन्य थानों के आधुनिकीकरण की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष के अंत तक सभी थानों और अगले वर्ष पुलिस चौकियों को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से विकसित किया गया है। यहां प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी एवं परामर्शदाता तैनात रहेंगे, जो महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, कानूनी मार्गदर्शन और काउंसलिंग सुविधा उपलब्ध कराएंगे। केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की भी पहल की जाएगी। इसके साथ ही साइबर सेवा यूनिट की स्थापना डिजिटल अपराधों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस यूनिट में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, ई-मेल हैकिंग, फिशिंग और डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी जैसी शिकायतों का त्वरित समाधान करेंगे। आधुनिक सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया को और मजबूत बनाया गया है।
नवीनीकृत थाना भवन का डिजाइन नागरिकों और पुलिसकर्मियों दोनों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कार्यालय कक्ष, रिकॉर्ड रूम और मीटिंग हॉल को आधुनिक स्वरूप दिया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होगी। परिसर में हरियाली और सौंदर्यीकरण से सकारात्मक वातावरण विकसित किया गया है। मुख्य अतिथि विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग समय की आवश्यकता है और थाना कविनगर इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा आम नागरिकों को त्वरित न्याय और सुरक्षा का अनुभव मिलेगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं ट्रैफिक राज करन नैय्यर ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग से अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी। वहीं डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि नई व्यवस्थाओं से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और पुलिस प्रतिक्रिया समय में भी सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष मंयक गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेता एसपी सिंह, एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य, एसीपी नगर कोतवाली उपासना पाण्डेय, एएसपी डॉ. एस. दीप्ति चौहान, एसीपी नंदग्राम जियाद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम अभिषेक श्रीवास्तव, एसीपी वेवसिटी प्रियाश्री पाल तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नवीनीकृत थाना कविनगर अब तकनीक, पारदर्शिता और जनसहभागिता आधारित आधुनिक पुलिसिंग का प्रतीक बनकर उभरा है, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




