Image Slider

-ए ब्लॉक मार्केट कवि नगर में आयोजित हुआ त्रैमासिक परिचय सम्मेलन, सैकड़ों परिवारों की रही सहभागिता
-समाज को दहेज मुक्त बनाने और संस्कार आधारित रिश्तों को बढ़ावा देने का मिला संदेश
-25 अक्टूबर तक मान्य रहेंगे रजिस्ट्रेशन, युवाओं और अभिभावकों ने की पहल की सराहना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों और संस्कार आधारित वैवाहिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाबी एकता समिति (पंजी.) द्वारा रविवार को ए ब्लॉक मार्केट, कवि नगर में त्रैमासिक पंजाबी मुंडे-कुडिय़ों का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर इसे एक सामाजिक उत्सव का रूप दे दिया।
सम्मेलन में अब तक 180 युवक-युवतियों के लिए 60 रजिस्ट्रेशन किए जा चुके हैं, जिनकी वैधता आगामी 25 अक्टूबर तक रहेगी। आयोजन स्थल पर सुबह से ही परिवारों की आवाजाही शुरू हो गई थी और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं पारिवारिक माहौल देखने को मिला। करीब 240 युवक-युवतियों के साथ सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे, जिन्होंने आपसी परिचय, संवाद और समझ के माध्यम से रिश्तों की नई संभावनाओं को तलाशा। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में इस प्रकार के परिचय सम्मेलन समाज की बड़ी आवश्यकता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण परिवारों के बीच संवाद कम हो गया है, ऐसे में सामूहिक परिचय मंच युवाओं और परिवारों को एक सुरक्षित और संस्कारित वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल रिश्ते तय कराना नहीं बल्कि समाज में पारिवारिक मूल्यों, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करना है।

राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी ने कहा कि पंजाबी समाज हमेशा से सामाजिक एकता और सहयोग की परंपरा के लिए जाना जाता रहा है। परिचय सम्मेलन उसी परंपरा का विस्तार है, जहां परिवार बिना किसी दिखावे और दबाव के एक-दूसरे को समझते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, क्योंकि यहां रिश्तों का आधार आर्थिक स्थिति नहीं बल्कि संस्कार और पारिवारिक सोच होती है।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश कपूर ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज इस पहल को सकारात्मक रूप से स्वीकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि समिति पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रजिस्ट्रेशन कर युवाओं और अभिभावकों को उचित जानकारी उपलब्ध कराती है, जिससे विश्वास का माहौल बनता है। उन्होंने भविष्य में और बड़े स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की। कोर्डिनेटर शिवनंदन कपूर ने कहा कि परिचय सम्मेलन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक संवाद का सशक्त माध्यम है। यहां परिवारों को एक-दूसरे के विचार, संस्कार और पारिवारिक पृष्ठभूमि को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान कई परिवारों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई और कई संभावित रिश्तों की नई शुरुआत भी देखने को मिली। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष संजय बाटला, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी तनेजा, राजीव खन्ना, यश जुनेजा (राजू), वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र अरोड़ा (भगतजी), भंडारा मंत्री संजय सबिखि, प्रचार मंत्री अमित वसुदेवा, उपाध्यक्ष नवीन धवन, के.एल. बहल, पवन गंभीर, संगठन मंत्री संजय खन्ना, सचिव अनिल खत्री, भंडारामंत्री प्रवीन कुमार, सचिव सुनील रहेजा, अमर बगई, रमन मारवाह, सह सचिव विजय जुनेजा, जतिन्द्र पाल सिंह, नन्दलाल चावला और पंजाबी एकता समिति हरियाणा चैप्टर के अध्यक्ष दीपक ऑबराय समेत अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान पारिवारिक संवाद, आपसी परिचय और सकारात्मक वातावरण ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कई अभिभावकों ने बताया कि इस मंच के माध्यम से उन्हें बिना किसी सामाजिक दबाव के योग्य रिश्तों को समझने और परखने का अवसर मिला। युवाओं ने भी इसे आधुनिक समय में पारंपरिक मूल्यों को जीवित रखने की प्रभावी पहल बताया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में इस प्रकार के परिचय सम्मेलन नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में वैवाहिक संबंधों को सरल, पारदर्शी और दहेज मुक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल रिश्तों को जोडऩे का मंच बना, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और सामाजिक सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||