Image Slider

-जागरूकता ही अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा हथियार: राहुल पाल

-फायर स्टेशन वैशाली से निकली अग्निशमन रैली, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने दिखाई हरी झंडी
-स्कूल, अस्पताल, उद्योग, मॉल और आवासीय क्षेत्रों में मॉक ड्रिल व सुरक्षा प्रशिक्षण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर कमिश्नरेट गाजियाबाद क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अग्निशमन एवं आपात सेवा गाजियाबाद द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में चले इस अभियान ने पूरे जनपद में सुरक्षा जागरूकता की मजबूत मिसाल पेश की। अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल को फायर स्टेशन वैशाली से अग्निशमन वाहनों की जागरूकता रैली के साथ हुई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय केशव कुमार चौधरी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। अग्निशमन सप्ताह के दौरान गाजियाबाद के स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा आवासीय क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विभिन्न शिक्षण संस्थानों जैसे नेहरू वर्ल्ड स्कूल शास्त्रीनगर, सुशीला मॉडर्न स्कूल दयानंद नगर, सन वैली इंटरनेशनल स्कूल वैशाली, पीएनएन मोहन स्कूल वसुंधरा, नेशनल पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर तथा केएन मोदी ग्लोबल पब्लिक स्कूल मोदीनगर में विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इसी क्रम में गौर सेंट्रल मॉल, शॉप्रिक्स मॉल वैशाली, शिप्रा मॉल इंदिरापुरम सहित प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित कर आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया। अस्पतालों में भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें मैक्स अस्पताल वैशाली, यशोदा अस्पताल नेहरू नगर, मणिपाल अस्पताल तथा नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल मोहन नगर शामिल रहे। औद्योगिक क्षेत्रों में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। बीएस रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्रीराम पिस्टन एंड रिंग, एमको इंडस्ट्री, कशिश प्लास्टिक इंडस्ट्रीज तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। आवासीय सोसायटियों और सार्वजनिक स्थलों में भी जागरूकता कार्यक्रम

आयोजित किए गए।

इंदिरापुरम की एटीएस सोसायटी, ओलिव काउंटी, क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित महागुन मस्कट, गुलमोहर ग्रीन सोसाइटी, लैंडक्राफ्ट सोसाइटी दुहाई तथा ट्रॉनिका सिटी की विभिन्न आवासीय परिसरों में लोगों को आग से बचाव के उपायों के बारे में बताया गया। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाकर संवेदनशील वर्ग के लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों को भी अभियान से जोड़ा गया। मोदीनगर, लोनी, मसूरी तथा नंदग्राम थाना क्षेत्रों के गांवों और बाजारों में जाकर नागरिकों को गैस सिलेंडर सुरक्षा, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और आग लगने पर तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि अग्निशमन सेवा सप्ताह का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने कहा कि अधिकांश अग्नि दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और सही प्रशिक्षण के माध्यम से रोका जा सकता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्र अवश्य रखें तथा समय-समय पर उनकी जांच कराते रहें। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के दौरान 65 विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर लगभग 7200 लोगों को सीधे प्रशिक्षण और जागरूकता प्रदान की गई। साथ ही शासन के निर्देशानुसार 50 नए अग्नि सचेतक तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है, जिससे भविष्य में आपदा प्रबंधन क्षमता और मजबूत हो सके। अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित यह व्यापक अभियान गाजियाबाद में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। प्रशासन का मानना है कि यदि नागरिक सतर्क और प्रशिक्षित होंगे तो किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि और संपत्ति नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह अभियान लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ सुरक्षित समाज निर्माण की दिशा में सार्थक पहल के रूप में उभरकर सामने आया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||