Image Slider

कलेक्ट्रेट में सुनी गईं जन समस्याएं, मौके पर ही कई मामलों का समाधान
-गरीब परिवारों को राहत, रेड क्रॉस व मुख्यमंत्री कोष से मिली आर्थिक सहायता
-लाइव मॉनिटरिंग से बढ़ी पारदर्शिता, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर सामने आई, जब उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, जीडीए, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाए। इस दौरान कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे पूरे सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनसुनवाई प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें और जूम के माध्यम से लाइव उपलब्ध रहें। इससे शिकायतों का तेजी से समाधान संभव हो पा रहा है। जनता दर्शन के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का भी एक उदाहरण देखने को मिला, जब पूर्वांचल कालीदास नवयुवक विकास समिति के अध्यक्ष अशोक के साथ जनकपुरी साहिबाबाद निवासी कु. रिया ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उनके पिता गंभीर रूप से माउथ कैंसर से पीडि़त हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने तुरंत पहल करते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कराई और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी मदद दिलाने के लिए आवेदन कराया। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि परिवार को शिक्षा, भरण-पोषण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसी तरह, राजेंद्र नगर साहिबाबाद निवासी श्रीमती राजरानी शर्मा को भी उनकी बेटी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाई गई। सहायता मिलने पर दोनों लाभार्थियों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो, तो उन्हें एक बार जिलाधिकारी से अवश्य मिलना चाहिए, क्योंकि यहां उनकी बात सुनी जाती है और समाधान भी होता है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहले संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें, और यदि वहां संतोषजनक समाधान न मिले तो वे सीधे जनता दर्शन में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। कुल मिलाकर, जनता दर्शन कार्यक्रम न केवल जन समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है, बल्कि यह प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहा है। जिलाधिकारी की सक्रियता और संवेदनशीलता से यह साफ है कि जिले में सुशासन की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||