-यात्रा, लॉजिस्टिक्स और उद्योग को मिलेगा बड़ा फायदा
-अब तक 93 हेक्टेयर जमीन खरीदी, 270 हेक्टेयर अधिग्रहण बाकी
-56 गांवों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे, कनेक्टिविटी में होगा बड़ा सुधार
-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई व गंगा एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अपने क्षेत्र में अब तक 93 हेक्टेयर जमीन खरीद ली है, जबकि शेष जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। खास बात यह है कि जमीन खरीद के लिए आवश्यक धनराशि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।
यह लिंक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा विकसित किया जाएगा। इसका निर्माण गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को सीधे जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रस्तावित मार्ग के अनुसार, यह लिंक एक्सप्रेसवे बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के 44.3 किलोमीटर प्वाइंट से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर प्वाइंट, यानी सेक्टर-21 स्थित प्रस्तावित फिल्म सिटी के पास जाकर जुड़ेगा।इस परियोजना का लगभग 20 किलोमीटर हिस्सा यीडा क्षेत्र में आता है, जहां जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से किया जा रहा है। कुल मिलाकर यह एक्सप्रेसवे 56 गांवों की जमीन से होकर गुजरेगा, जिसमें गौतमबुद्ध नगर जिले के 8 गांव भी शामिल हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, अभी तक 93 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है और करीब 270 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण अभी बाकी है, जिसे जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे के यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा से ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। इससे न केवल यात्रियों को सीधा और तेज मार्ग मिलेगा, बल्कि लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, देश और विदेश से आने वाले यात्रियों को इस नए लिंक के माध्यम से मेरठ से प्रयागराज तक निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी।

सीईओ, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण
यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह ने बताया कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



