Image Slider

-जनसुरक्षा पर सख्त संदेश: अपराध नियंत्रण में कोई ढिलाई नहीं, त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट
-कमिश्नर की बैठक में ऑपरेशन प्रहार व कन्विक्शन की समीक्षा, तय हुई नई रणनीति
-नवरात्रि को लेकर कानून-व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने मंगलवार को कमिश्नरेट मुख्यालय के मीटिंग हॉल में उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा हर पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए पुलिस कमिश्नर ने ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत की गई कार्रवाई का विस्तृत आकलन किया। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए की जा रही कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा की गई, जबकि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अपराधियों के खिलाफ न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर सजा सुनिश्चित करने के प्रयासों को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही तकनीकी माध्यमों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। यक्ष ऐप पर अपराध और शिकायतों से संबंधित सूचनाओं की नियमित और सटीक फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके। जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जोनल स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए, जिससे आम नागरिकों को शीघ्र न्याय मिल सके। आगामी नवरात्रि और अन्य त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर सहित सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी बनाए रखें और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाएं। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि इस तरह की बैठक का उद्देश्य केवल समीक्षा करना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस की सक्रियता, तकनीकी साधनों के प्रभावी उपयोग और जनसहयोग से गाजियाबाद में अपराध पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||