– नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक वेटिंग रूम, साइबर सेल और महिला सहायता कक्ष की व्यवस्था
– डिजिटल सिस्टम, सीसीटीएनएस कक्ष और नई कार्यप्रणाली से पुलिसिंग होगी अधिक प्रभावी
– बेहतर आधारभूत ढांचे से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता में होगा सुधार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में पुलिसिंग को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के तहत थाना लोनी को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक थाना के रूप में विकसित किया गया है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने लोनी थाना के जीर्णोद्धार और नवनिर्मित भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग लगातार बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ कर रहा है। इसी दिशा में लोनी थाना को आधुनिक सुविधाओं, हाईटेक सिस्टम और जन-सुलभ सेवाओं के साथ पुनर्विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस नवीनीकरण में नागरिकों की सुविधा और पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
थाना परिसर में आने वाले नागरिकों को सम्मानजनक और व्यवस्थित वातावरण देने के उद्देश्य से आधुनिक प्रतीक्षालय और नया वेटिंग रूम तैयार किया गया है। इसके साथ ही मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष महिला सहायता कक्ष का निर्माण किया गया है, जहां महिलाओं को त्वरित सहायता और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के तेजी से निस्तारण के लिए थाने में विशेष साइबर सेल कक्ष की स्थापना की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए यह कक्ष शिकायतों के प्रभावी समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। थाने की पूरी इमारत को आधुनिक स्वरूप देते हुए उसे पुन: डिजाइन किया गया है, ताकि आगंतुकों और पुलिसकर्मियों दोनों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।
थाना परिसर में विवेचनाओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए विवेचकों के लिए नए विवेचना कक्ष का भी निर्माण किया गया है। इसके अलावा सीसीटीएनएस, यक्ष ऐप, आईसीजेएस और प्रहरी ऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुचारु संचालन के लिए आधुनिक सीसीटीएनएस कक्ष भी बनाया गया है। इन व्यवस्थाओं से पुलिसिंग में पारदर्शिता और दक्षता बढऩे की उम्मीद है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि थाना परिसर में कार्यालयों का नवीनीकरण किया गया है और जीडी कार्यालय को भी आधुनिक रूप दिया गया है। साथ ही परिसर में स्थित मंदिर का जीर्णोद्धार, पुलिसकर्मियों के लिए मनोरंजन कक्ष, महिलाओं के लिए पिंक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पीने के पानी के लिए आरओ वाटर कूलर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करना और उनकी कार्यक्षमता तथा मनोबल को बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि नवीनीकृत लोनी थाना आधुनिक प्रौद्योगिकी, बेहतर अधोसंरचना और नागरिक केंद्रित सेवाओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इसमें उन्नत डिजिटल सिस्टम, सुव्यवस्थित शिकायत निवारण प्रक्रिया और स्पष्ट सार्वजनिक सूचना प्रदर्शन से पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलेगी। थाने का नया लेआउट नागरिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करता है और विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान में आसानी होगी। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि लोनी थाना का यह नवीनीकरण जन-मित्र पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी, बल्कि नागरिकों को भी सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं और तकनीक की मदद से दैनिक पुलिसिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी नए भवन और सुविधाओं का निरीक्षण किया और इसे आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जनपद के अन्य थानों में भी इसी प्रकार के सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाया जा सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



