Image Slider

होमताजा खबरदेशअसम कांग्रेस में कलह, विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही बढ़ी गौरव गोगोई की मुसीबत

Last Updated:

Assan Congress Rift: असम में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. नौगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी हाईकमान को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उनके काफिले पर हमले के आरोपी व्यक्ति को लाहोरीघाट के विधायक आसिफ नजर ने संरक्षण दिया. साथ ही उन्होंने कांग्रेस के लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई पर भी सवाल उठाए. इस घटनाक्रम ने चुनाव से पहले असम कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और तनाव को उजागर कर दिया है.

ख़बरें फटाफट

असम कांग्रेस में कलह, विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही बढ़ी गौरव गोगोई की मुसीबतZoom

नौगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी हाईकमान को पत्र लिखकर गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

असम में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही जहां तमाम पार्टियां चुनाव तैयारियों में जुट गई हैं. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की राज्य इकाई में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और नौगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनसे पार्टी के भीतर मतभेद और गहरे होने के संकेत मिल रहे हैं.

बोरदोलोई ने कांग्रेस महासचिव और असम के प्रभारी जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं. बताया जा रहा है कि सोमवार को वह इस मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करने के लिए तुरंत नई दिल्ली रवाना हो गए.

बोरदोलोई ने क्या लगाए आरोप

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बोरदोलोई ने रविवार को कांग्रेस हाईकमान को भेजे पत्र में लाहोरीघाट के विधायक आसिफ नजर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उस व्यक्ति को संरक्षण दिया, जिस पर 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उनके काफिले पर हमले का आरोप है. बोरदोलोई ने अपने पत्र में यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस के लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई उसी व्यक्ति के साथ बैठे हुए दिखाई दिए थे, जिस पर उनके काफिले पर हमले का आरोप लगा था. उन्होंने इस पर पार्टी के रुख को लेकर चिंता जताई है.

बोरदोलोई ने यह संकेत दिया कि अगर लाहोरीघाट विधानसभा सीट विधायक आसिफ नज़र को दी जाती है, तो वह पार्टी से इस्तीफ़ा दे सकते हैं. बताया जा रहा है कि बोरदोलोई ने अपने आरोपों के समर्थन में कुछ तस्वीरें भी कांग्रेस नेतृत्व को भेजी हैं, जिनमें कथित तौर पर गौरव गोगोई और हमले के आरोपी इमदादुल इस्लाम एक साथ नजर आ रहे हैं.

गौरव गोगोई से किस बात की नाराजगी

बोरदोलोई ने यह भी आरोप लगाया कि 13 मार्च को नई दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान, स्क्रीनिंग समिति के सदस्य और उत्तर प्रदेश के सांसद इमरान मसूद ने सार्वजनिक रूप से कहा कि डॉ. नज़र के खिलाफ लगाए गए आरोप और पेश किए गए सबूत झूठे और मनगढ़ंत थे. बोरदोलोई ने लिखा, ‘हालांकि मैं उस बैठक में मौजूद नहीं था, लेकिन पार्टी के सर्वोच्च नेतृत्व के सामने मेरे बारे में की गई ऐसी टिप्पणियों से मुझे गहरी अपमान की भावना हुई.’

बोरदोलोई ने यह भी नाराजगी जताई कि बैठक के दौरान गौरव गोगोई ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. इससे पार्टी के भीतर असहजता और बढ़ गई है. इस घटनाक्रम ने ऐसे समय में असम कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को उजागर कर दिया है, जब पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है.

फिलहाल बोरदोलोई की तरफ से उठाए गए इस मुद्दे पर न तो गौरव गोगोई और न ही विधायक आसिफ नजर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आगे चलकर असम कांग्रेस में गुटबाजी को और बढ़ा सकता है, जिससे चुनाव से पहले पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

About the Author

authorimg

Saad Omar

An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||