-उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार दीक्षित और जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने टीम के साथ किया औचक निरीक्षण
-दुकान से तीन घरेलू और तीन छोटे अवैध सिलेंडर बरामद, दुकानदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में कार्रवाई
-चार गैस एजेंसियों का भी हुआ निरीक्षण,जिले में गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को शहर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार दीक्षित और जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने अपनी आपूर्ति विभाग की टीम के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मालीवाड़ा स्थित मैसर्स सत्तार स्टोव की दुकान पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान दुकान से तीन घरेलू गैस सिलेंडर और तीन छोटे अवैध सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। मामले में दुकान संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक टीम के निरीक्षण के समय दुकान के मालिक सादाब पुत्र हाजी अब्दुल सत्तार मौके पर मौजूद पाए गए। वह स्वर्णजयंतीपुरम, गाजियाबाद के निवासी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग और भंडारण किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार दीक्षित ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान को घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध तरीके से भंडारण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि मालीवाड़ा में की गई कार्रवाई के अलावा टीम द्वारा शहर की चार प्रमुख गैस एजेंसियों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें इंजीनियर गैस एजेंसी राजनगर, कमला भारत गैस नेहरू नगर, ख्वाजा नवाज शरीफ गैस एजेंसी क्रॉसिंग रिपब्लिक और मुकुल भारत गैस एजेंसी खोड़ा शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान इन एजेंसियों पर गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य पाई गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसियों पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत की। उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले सर्वर की समस्या के कारण गैस बुकिंग में दिक्कत हो रही थी, लेकिन अब सर्वर ठीक हो चुका है और बुकिंग प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस बुक कराने के बाद एजेंसियों द्वारा सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक कर सकते हैं और बुकिंग के कुछ समय बाद एजेंसी द्वारा उनके घर पर सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी।
उप जिलाधिकारी अरुण कुमार दीक्षित ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध उपयोग की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के मिलती रहे और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को सख्ती से रोका जाए। प्रशासन ने नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए आपूर्ति विभाग में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यदि किसी उपभोक्ता को गैस से संबंधित कोई समस्या या शिकायत हो तो वह कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0120-3761964 पर संपर्क कर सकता है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि आम उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके और गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




