Image Slider

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में दोपहर के वक्त आसमान से आग बरसने लगी है. ताज नगरी आगरा में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. आने वाले दिनों में इसमें थोड़ा और उछाल आएगा. यूपी में बढ़ते तापमान के बीच अब मौसम विभाग की ओर से नया अपडेट भी सामने आया है. अनुमान है 15 मार्च के आस पास प्रदेश के अलग-अलग जिलों में काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक,मंगलवार (10 मार्च) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान सभी जिलों में धूप तीखी होगी.11,12 13 और 14 मार्च के लिए भी मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है. वहीं 15 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी संभाग में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में छाई धुंध की चादर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह अचानक धुंध की चादर छा गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने से परेशानी बढ़ गई. मेरठ में आसमान पर कोहरे जैसा नजारा देखने को मिला और तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. हाईवे पर विजिबिलिटी कम होने से हादसों का खतरा बढ़ गया, जिसके चलते वाहन चालक लाइट और डीपर जलाकर वाहन चलाते नजर आए.

वहीं फर्रुखाबाद में भी सुबह घनी धुंध छाई रही. लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 225 तक पहुंच गया, जिससे हवा जहरीली हो गई। धुंध के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई.

हापुड़ में भी अचानक धुंध छाने से शहर धुंध के आगोश में दिखाई दिया. विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा और कई लोग लाइट व डीपर जलाकर वाहन चलाते नजर आए.

आगरा, झांसी, वाराणसी में सताएगी गर्मी
मंगलवार को यूपी के गोरखपुर, सहारनपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, कुशीनगर, अलीगढ़, मथुरा, झांसी, ललितपुर, मेरठ, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, सीतापुर, श्रावस्ती, बनारस, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, अमेठी, रायबरेली, अयोध्या, देवरिया और आस पास के जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप लोगों के पसीने छुड़ाएगी. इन जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है.

लखनऊ में पारा @35
प्रदेश के राजधानी लखनऊ में गर्मी बढ़ती जा रही है. मौसम विभाग का अनुमान है आज यहां अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा.आने वाले 2 दिनों में इसमें और उछाल आएगा.वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां भी सुबह सवेरे से चटक धूप खिली रहेगी.अनुमान है आज यहां न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.

4 दिन में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा तापमान
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की आने वाले 4 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक का क्रमिक उछाल आ सकता है.उसके बाद इसमें थोड़ी कमी भी देखने को मिलेगी.
आगरा में बरसी आग
बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान आगरा में रिकॉर्ड किया गया है.मौसम विभाग से मिले आंकड़ें के मुताबिक, सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा.वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||