Image Slider

-महिला दिवस पर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं एसीपी प्रियाश्री पाल
-महिला सुरक्षा कानूनों और पुलिस सुविधाओं के बारे में छात्राओं को किया जागरूक
-आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी पहचान बनाने का दिया संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को राम चमेली चड्ढा विश्वास गर्ल्स कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में वेव सिटी की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत कर की गई। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने छात्राओं और उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना बेहद आवश्यक है। शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता ही महिलाओं को समाज में मजबूती से आगे बढऩे का मार्ग प्रदान करती है।

प्रियाश्री पाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार और पुलिस विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण कानून और योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवाओं और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुरक्षा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीडऩ या अपराध होता है तो उसे डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है, बल्कि तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग लगातार जागरूकता अभियान चलाता रहता है। इसके माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जाती है। प्रियाश्री पाल ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महिलाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है।

अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और अन्य कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। यदि महिलाएं आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकती हैं। प्रियाश्री पाल ने छात्राओं को यह भी संदेश दिया कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इससे न केवल अपराध पर अंकुश लगेगा बल्कि समाज में सुरक्षा का माहौल भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी महिला सुरक्षा, कानून और आत्मरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने विस्तार से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र से छात्राओं में काफी उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को न केवल अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है, बल्कि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी प्रेरित होती हैं। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की ओर से मुख्य अतिथि प्रियाश्री पाल का आभार व्यक्त किया गया और सभी छात्राओं को महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||