– वीडियो संदेश जारी कर जिलाधिकारी ने नागरिकों से सहयोग की अपील की
– विदेश में फंसे लोगों का डेटा जुटाकर प्रशासन करेगा मदद की पहल
– आमजन से कहा-फंसे लोगों तक फॉर्म की जानकारी जरूर पहुंचाएं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ईरान-इराक क्षेत्र में चल रहे हालात के बीच वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने वीडियो संदेश जारी कर ऐसे लोगों से अपील की है जो ईरान या इराक में फंसे हुए हैं या जिनके परिजन वहां मौजूद हैं, वे अपनी जानकारी प्रशासन द्वारा जारी किए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराएं। इससे प्रशासन को सही आंकड़े मिल सकेंगे और आवश्यक मदद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी। जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि कई बार विदेशों में अचानक उत्पन्न परिस्थितियों के कारण भारतीय नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन के लिए यह जानना बेहद जरूरी होता है कि जिले या आसपास के क्षेत्रों के कितने लोग वहां मौजूद हैं और उन्हें किस प्रकार की सहायता की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से एक गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, ताकि प्रभावित लोगों की सही जानकारी एकत्र की जा सके। उन्होंने बताया कि इस फॉर्म के माध्यम से ईरान और इराक में फंसे लोगों का नाम, पता, संपर्क नंबर और अन्य आवश्यक विवरण प्राप्त किए जाएंगे। इससे प्रशासन को यह समझने में आसानी होगी कि कितने लोग प्रभावित हैं और उन्हें किस स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही यह जानकारी राज्य और केंद्र सरकार तक भी भेजी जा सकेगी, जिससे राहत और सहायता के प्रयासों को गति मिल सके। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदार या परिचित ईरान या इराक में फंसे हुए हैं तो वे तत्काल इस गूगल फॉर्म को भरकर संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा जिन लोगों तक यह सूचना पहुंच सकती है, वे भी इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी देने से वंचित न रह जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में प्रशासन तक सही आंकड़े नहीं पहुंच पाते, जिससे राहत कार्यों में देरी हो सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि सभी लोग जिम्मेदारी निभाते हुए फॉर्म को भरें और दूसरों को भी इसके बारे में बताएं। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूह और अन्य माध्यमों के जरिए भी इस फॉर्म की जानकारी साझा की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त जानकारी को पूरी गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में जिलाधिकारी ने नागरिकों से एक बार फिर सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को भी ईरान या इराक में फंसे लोगों की जानकारी हो तो वह तुरंत गूगल फॉर्म भरकर प्रशासन तक सूचना पहुंचाए। इससे समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में आसानी होगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



