Image Slider

-सेक्टर-151 से 149 के बीच अधूरी सड़क निर्माण का रास्ता साफ
-किसानों ने दी सहमति, जमीन मूल्यांकन के बाद तय होगा मुआवजा
-आंतरिक कनेक्टिविटी सुधरेगी, सेक्टर-150 समेत आसपास को मिलेगा लाभ
-लंबित मामलों की खुद निगरानी कर रहे सीईओ, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश छोटे-छोटे अटके पड़े मामलों को भी निपटा रहे हैं। ऐसे मामले की वह खुद निगरानी कर रहे हैं।सेक्टर-151 से सेक्टर-149 के बीच लंबे समय से अधूरी पड़ी आंतरिक सड़क के निर्माण का रास्ता अब साफ होता दिखाई दे रहा है। इस सड़क का निर्माण काफी समय से किसानों की जमीन से जुड़े विवाद के कारण अटका हुआ था, जिससे आसपास के सेक्टरों के लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जानकारी के मुताबिक, कोंडली गांव की जमीन पर जहां-जहां सड़क निर्माण का काम रुका हुआ था, वहां के किसानों ने अब अपनी सहमति दे दी है। किसानों ने नोएडा अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर सड़क निर्माण के लिए जमीन देने पर सहमति जताई है। इस सहमति के बाद अब अथॉरिटी के लिए सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ाना आसान हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, किसानों की सहमति मिलने के बाद अब अथॉरिटी जमीन का विस्तृत आकलन कराएगी। इसमें यह तय किया जाएगा कि किस किसान की कितनी जमीन सड़क निर्माण में आ रही है और उसके बदले उन्हें कितना मुआवजा दिया जाएगा। जमीन के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुआवजे का निर्धारण किया जाएगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह आंतरिक सड़क सेक्टर-151, सेक्टर-150 और सेक्टर-149 के बीच कनेक्टिविटी के लिए काफी महत्वपूर्ण है। सड़क अधूरी होने के कारण स्थानीय लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवाजाही करनी पड़ती है। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। अब किसानों की सहमति मिलने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अथॉरिटी जल्द ही मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराएगी। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और आसपास के सेक्टरों के विकास को भी गति मिलेगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||