भारत ने विदेश में अपने पिछले दो टेस्ट मैच 2021 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ड्रॉ कराए थे. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी साल सितंबर-अक्टूबर में डे-नाइट टेस्ट खेला था जिसमें स्मृति मंधाना ने शतक लगाया था. इस मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया अभी 8-4 से आगे है. टी20 सीरीज हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया 2-4 से पीछे था, लेकिन फिर उसने तीनों वनडे मैच जीतकर वापसी की. टी20 और वनडे दोनों में जीत पर दो-दो अंक थे, जबकि टेस्ट मैच जीतने पर चार अंक मिलेंगे. अगर भारत जीतता है तो कम से कम सीरीज ड्रॉ कर सकता है. भारतीय टीम को इस बात से हौसला मिलेगा कि उसने दिसंबर 2023 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में आठ विकेट से हराकर इतिहास रचा था. यह पहली बार था जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में हराया था.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पिंक बॉल टेस्ट शुक्रवार से खेला जाएगा.
भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी हरमनप्रीत, उपकप्तान मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा पर होगी. सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल पर भी नजर रहेगी जो शुक्रवार को टेस्ट डेब्यू कर सकती हैं. रावल उन सात भारतीय खिलाड़ियों में हैं जिन्होंने अभी तक टेस्ट नहीं खेला है. इनमें बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और काशवी गौतम भी शामिल हैं. भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है. वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की सदस्य क्रांति गौड़ और अमनजोत कौर भी टेस्ट डेब्यू कर सकती हैं. टीम को हालांकि अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह की कमी खलेगी जो चोट के कारण बाहर हैं. उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज काशवी गौतम को टीम में लिया गया है. दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया अपनी कप्तान एलिसा हीली को शानदार विदाई देने के लिए तैयार है, जो अपना 299वां और आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलेंगी.
ऑस्ट्रेलिया ने भी किम गार्थ और एलिसे पेरी की चोट और सोफी मोलिनी की पीठ की समस्या के चलते राहेल ट्रेनामन और मैटलान ब्राउन जैसे नए खिलाड़ियों को टीम में लिया है जिन्होंने अभी टेस्ट नहीं खेला है. गार्थ और मोलिनी दोनों ही मैच से बाहर हो गई हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि पेरी समय पर फिट हो जाएंगी. वाका की उछाल भरी पिच पर ऑस्ट्रेलिया को भारत पर बढ़त मिलेगी क्योंकि उसने अपने पिछले दो टेस्ट आसानी से जीते हैं. उसने जनवरी 2025 में एमसीजी में इंग्लैंड और फरवरी 2024 में इसी मैदान पर साउथ अफ्रीका को हराया था.
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काशवी गौतम, स्नेह राणा, अमनजोत कौर, उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे.
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), डार्सी ब्राउन, मैटलान ब्राउन, निकोला कैरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फीबी लिट्चफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पेरी, एनाबेल सदरलैंड, राहेल ट्रेनामन, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


