Image Slider

-कंपनी प्रांगण में सैकड़ों सदस्यों ने एक-दूसरे को लगाया गुलाल, गले मिलकर दी शुभकामनाएं
-पारंपरिक व्यंजनों और सुरों की महफिल में झूमे कर्मचारी व प्रबंधन
-चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता व राजीव कुमार गुप्ता की मौजूदगी में बना पारिवारिक माहौल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। समरकूल, थर्मोकूल गोल्डन परिवार ने इस वर्ष भी परंपरा को निभाते हुए कंपनी प्रांगण में होली का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया। सैकड़ों सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि यह केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि एक विशाल और स्नेहिल परिवार है। सोमवार प्रात:काल से ही कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल बन गया था। पारंपरिक होली व्यंजनों की खुशबू से वातावरण महक उठा। गुजिया, नमकीन और अन्य चटकारेदार पकवानों की तैयारी विशेष रूप से की गई, जिनका सभी ने आनंद लिया। रंगों की बौछार और हंसी-ठिठोली के बीच कर्मचारियों और प्रबंधन ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।

कंपनी के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता और राजीव कुमार गुप्ता ने भी समारोह में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि समरकूल, थर्मोकूल परिवार की मजबूती इसी सामूहिक भावना में निहित है, जहां सभी सदस्य एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। समारोह को और भी यादगार बनाने के लिए कंपनी की ओर से बेहतरीन गायन कलाकारों का प्रबंध किया गया था। होली के पारंपरिक और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। मधुर सुरों पर कंपनी के युवाओं ने जमकर नृत्य किया और उत्सव का आनंद लिया।

पूरे प्रांगण में उल्लास, ऊर्जा और आत्मीयता का दृश्य देखने लायक था। इस अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर अभिषेक गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, तुषार गुप्ता, तनुज गुप्ता सहित रोहित गोयल, नरेश बत्रा, पंकज नोटियाल, अजय माथुर, सचिन जैन, अमित मिश्रा, पंकज ठाकुर, सौरभ सिंह, तरुण कुमार, यश गोयल, अनिल वर्मा, मंजय राय, अशोक शर्मा, सुशील गुप्ता समेत सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रंगों के इस पर्व को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधन की ओर से सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं दी गईं और सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संदेश भी दिया गया। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि समरकूल, थर्मोकूल परिवार में पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को विशेष महत्व दिया जाता है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||